हार के बाद कांग्रेस में बवंडर: सीडब्लूसी की बैठक कल

नई दिल्ली।चुनावों में करारी हार को लेकर कांग्रेस पार्टी में भूचाल है। रविवार को सुबह 10.30 बजे ऑल इंडिया कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होगी। इससे पहले जी-23 ग्रुप भी शुक्रवार को इस संबंध में बैठक कर चुका है। कांग्रेस के असंतुष्ट खेमे ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी के पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग उठाई है। यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को करारी हार मिली है। पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपनी सत्ता गंवा दी और बाकी राज्यों में सरकार बनाना तो दूर जीतने वाली पार्टी को टक्कर देने में भी विफल रही। जानकारी मिली है कि शर्मनाक हार पर मंथन के लिए कांग्रेस पार्टी के दिग्गज रविवार सुबह 10.30 बजे बैठक करेंगे। जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी ने कमान संभाली थी। उन्होंने लडक़ी हूं, लड़ सकती हूं को लेकर चुनाव में तख्तापलट की उम्मीद की थी। लेकिन कांग्रेस का मुद्दा कहीं नहीं टिका। एक बार फिर शर्मनाक प्रदर्शन के चलते कांग्रेस को सिर्फ दो फीसदी वोट मिले और 403 सीटों में सिर्फ दो सीट ही जीत पाईं।