खोखली राजनीति कर रहा है विपक्ष: चौधरी

leader-rajendra-chaudhry
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि विधान सभा के अंदर और बाहर विपक्ष ने जो आचरण प्रदर्शित किया उसे कतई लोकतांत्रिक नहीं ठहराया जा सकता है। सदन चर्चा के लिए होता है उसकी कार्यवाही में बाधा डालना संसदीय व्यवस्था पर आघात करना है। बसपा ने नारेबाजी और पोस्टर दिखाकर सदन की कार्यवाही बाधित की तो भाजपा ने भी उनका साथ देकर सदन में अव्यवस्था पैदा की। कांग्रेस ने बिना किसी मुद्दे के अपना धरना-प्रदर्शन करके जता दिया कि अब उसके पास सिवाय खोखली राजनीति के कुछ शेष नहीं है।
समाजवादी सरकार के विरूद्ध सार्थक बहस के लिए विपक्ष के पास दरअसल अब मुद्दे ही नहीं रह गए है। बसपा के पांच साल उत्पीडऩ, लूट और तानाशाही के रहे हैं। जनता उनसे मुक्ति पाने के लिए छटपटाती रही थी। समाजवादी पार्टी के संघर्ष ने बसपा के अंधेरराज से जनता को मुक्ति दी। कांग्रेस, देश-प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक राज करती रही है और आज की ज्यादातर समस्याएं उसी की देन है। किसान कांग्रेस राज में ही तबाह हुए हंै और भ्रष्टाचार के घोटाले दर घोटाले उसके समय ही हुए है। जहां तक भाजपा का सवाल है, उसका तो प्रदेश की समस्याओं पर बोलने का हक नहीं बनता है। प्रदेश से लोकसभा में उसके चुने हुए 73 सॉसद है और दर्जनभर मंत्री है। लेकिन उत्तर प्रदेश के विकास में उनकी कोई रूचि नहीं है। बेमौसम की मार से त्रस्त किसान को केन्द्र से जो मदद मिलनी चाहिए थी नहीं मिली। गांव-गरीब के लिए उसकी कोई योजनाए नहीं।