बोले गिरिराज सिंह: हिंदुओं पर पत्थर फेंकना रिवाज हो गया है

नई दिल्ली। जोधपुर में ईद के मौके पर हुई हिंसा को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने टिप्पणी की है। उन्होंने राजस्थान सरकार पर अटैक करते हुए कहा कि त्योहार किसी का भी हो, हिंदुओं पर पत्थरों से हमला होना एक रिवाज हो गया है। गिरिराज सिंह ने कहा, ‘त्योहार चाहे हिंदुओं का हो या उनका..हिंदुओं पर पत्थर से हमला रिवाज हो गया है। सरकार अगर राजस्थान की तरह सेक्युलर हो तो उनका प्रदर्शन और निखर जाता है। यही घटना उत्तर प्रदेश या फिर मध्य प्रदेश में हुई होती तो अभी तक इलाज हो गया होता, लेकिन यहां तो राजस्थान सरकार द्वारा ही पत्थर फिक़वाए जा रहे है। जोधपुर के जालोरी गेट पर स्थित बालमुकुंद बिस्सा चौक पर धार्मिक झंडा लगाए जाने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई थी। दरअसल अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर इस्लामिक झंडा लगा दिया था। इसका हिंदू समुदाय के कुछ लोगों ने विरोध किया था, जिसे लेकर विवाद बढ़ गया। उनका आरोप था कि भगवान परशुराम की जयंती पर लगाए गए भगवा झंडे को हटाकर इस्लामी ध्वज लगा दिया गया। इसके बाद दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में आमने-सामने आ गए और हिंसक झड़प शुरू हो गई।