हेमकुंड व फूलों की घाटी यात्रा बर्फबारी से रूकी

डेस्क। हेमकुंड और आसपास के क्षेत्र में पिछले तीन दिन से जारी भारी बर्फबारी के बाद चमोली के जिला प्रशासन ने हेमकुंड और फूलों की घाटी की यात्रा को चौबीस घंटे के लिए रोक दिया है। सोमवार देर शाम तक हेमकुंड में डेढ़ फीट तक बर्फ गिर चुकी थी। फूलों की घाटी की यात्रा भी रोक लगाई गई है। सुरक्षा की दृष्टि से जोशीमठ से घांघरियां तक जगह जगह दस हजार से ज्यादा यात्रियों को रोका गया है। चमोली की पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि, मौसम खुलने और बर्फ पिघलते ही यात्रा शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन-पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमैंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेन्द्र जीत सिंह बिन्द्रा ने बताया कि, बर्फबारी के कारण करीब 5 हजार तीर्थयात्रियों को घांघरिया, चार हजार यात्रियों को गोविन्दघाट और डेढ़ से दो हजार यात्रियों को जोशीमठ गुरुद्वारे में रोका गया है। यात्रियों के रहने खाने की पूरी व्यवस्था गुरुद्वारे में की गई है।