लखनऊ में बरसे बदरा: गर्मी से कुछ राहत

डेस्क। लखनऊ में सुबह भारी उमस के बाद दिन लखनऊ में झूम के बादल बरसे। भले झमाझम बरसात ना हुई हो पर मौसम सुहाना हो गया। भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। सोनभद्र में ठहरे मानसून और बंगाल की खाड़ी में तैयार निम्न हवा के दबाव क्षेत्र से पूरे उत्तर प्रदेश का मौसम बदल दिया है। मौसम विभाग बता रहा है कि अगले तीन-चार दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। जुलाई की शुरुआत में मानसून भी लखनऊ में दस्तक दे सकता है। ऐसे में गर्मी से अब राहत मिलनी तय है। सुबह से ही उमस थी। आद्र्रता 60 फीसदी के ऊपर थी। तापमान भी 37 डिग्री के आसपास था। पर दोपहर एक बजे आसमान को बादलों ने घेर लिया। हवा एक झोंका चला इसके बाद तो बरसात शुरू हो गई। कहीं कम हुई तो कहीं ज्यादा। गोमतीनगर, हजरतगंज, चारबाग, कैसरबाग, अलीगंज, इंदिरानगर, गोमतीनगर विस्तार, आशियाना समेत लगभग पूरे लखनऊ में मंगलवार को बरसात दर्ज की गई। इस बरसात से गर्मी और उमस से उकताए लोगों को बड़ी राहत मिली। दिन का तापमान भी गिरकर 37 से 33 डिग्री सेल्सियस आ गया।