महाराष्ट्र के नए नाथ: एकनाथ शिंदे

मुंबई। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को इसकी घोषणा कर सभी को चौंका दिया। इससे पहले कहा जा रहा था कि पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ही दोबारा महाराष्ट्र के सीएम होंगे। हालांकि अब फडणवीस ने ऐलान किया है कि भाजपा सरकार में भी शामिल नहीं होगी और शिंदे को बाहर से समर्थन देगी। अब जब तय हो गया है कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के अगले सीएम होंगे तो उनके बारे में जानना भी जरूरी हो जाता है। 9 फरवरी 1964 को महाराष्ट्र के सतारा में जन्में एकनाथ शिंदे पिछले दिनों देश के सबसे चर्चित नाम हैं। शिवसेना में बगावत के बाद अब वे भाजपा के समर्थन से सरकार बना रहे हैं। एकनाथ संभाजी शिंदे उद्धव सरकार में पीडब्ल्यूडी कैबिनेट मंत्री थे। वे कोपरी-पचपाखड़ी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। शिंदे 2004, 2009, 2014 और 2019 के लिए महाराष्ट्र विधानसभा में लगातार 4 बार निर्वाचित हुए हैं। कम उम्र में ही वे ठाणे आ गए और 11वीं तक की शिक्षा मंगला हाई स्कूल और जूनियर कॉलेज से पूरी की। उन्हें शिक्षा छोडऩी पड़ी, और अपने परिवार को सपोर्ट करने के लिए काम करना शुरू कर दिया।