बिकरू कांड: खुशी दुबे को मिली जमानत

डेस्क। कानपुर के चर्चित बिकरू कांड के बाद एनकाउंटर में मारे गए विकास दुबे के सहयोगी अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के विरोध में ख़ुशी दुबे सुप्रीम कोर्ट पहुंची थीं। उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत के विरोध में दलीलें दीं। सुप्रीम कोर्ट में उत्तर प्रदेश सरकार ने खुशी दुबे की जमानत का विरोध किया था और जवाब दाखिल किया था। वहीं कोर्ट में बिकरू कांड में शहीद हुए यूपी पुलिस के जवानों के परिजनों ने भी जमानत का विरोध किया था। बिकरू कांड में जमानत पाने वाली ख़ुशी दुबे पहली आरोपी है। बता दें कि बिकरू कांड में खुशी दुबे दो साल से जेल में है। बुधवार को उसके मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब यह घटना हुई तब वह केवल 17 वर्ष की थी। मामला विचाराधीन होने के कारण उसे जेल में डालने का कोई कारण नहीं है। कोर्ट ने कहा कि ट्रायल कोर्ट खुशी दुबे की जमानत याचिका पर फैसला करेगी। इससे पहले इलाहाबाद जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय ने खुशी दुबे को जमानत देने से इनकार कर दिया था।