स्मृति के खिलाफ अमेठी से वरूण गांधी ठोकेंगे ताल

विशेष संवाददाता, लखनऊ। राहुल गांधी की भारत जोड़ो पद यात्रा के बीच उनका पुराना संसदीय क्षेत्र अमेठी चर्चा में है। जबकि अमेठी के लोगों के बीच चर्चा है कि यहां से वरूण गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। वरूण गांधी के पिता स्वर्गीय संजय गांधी अमेठी से 1980 में लोकसभा सदस्य चुने गए थे। अमेठी से गांधी परिवार का नाता 1977 से शुरू हुआ था। आपातकाल के बाद हुए 1977 के लोकसभा चुनाव में संजय गांधी को जनता पार्टी के उम्मीदवार अमेठी के रवीन्द्र प्रताप सिंह ने हरा दिया था। लेकिन 1977 में गांधी परिवार का अमेठी से बना रिश्ता आज तक कायम है। अमेठी से वरूण गांधी के चुनाव लडऩे की चर्चाओं के साथ इंदिरा गांधी के परिवार में एकता कायम होने की संभावना का भी विश्लेषण हो रहा है। 2024 के चुनाव में अभी एक साल का समय है। लेकिन अमेठी के नुक्कड़ों, चाय की दुकानों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच पुरजोर चर्चा है कि वरूण गांधी अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। खासबात यह है कि कांग्रेस व भाजपा से जुड़े राजनीतिक कार्यकताओं का मानना है कि वरूण गांधी 2024 में अमेठी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते है। कई चर्चाओं में वरूण गांधी के कांग्रेस से उम्मीदवार होने के दावे भी किये जा रहें है। वरूण गांधी भाजपा से पीलीभीत से लोकसभा सदस्य है। और अमेठी से केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भाजपा से सांसद है। ईरानी ने 2019 में राहुल गांधी को करीब 46 हजार वाटों से हरा दिया था। 2019 में राहुल गांधी ने केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा था। जहां से वे जीत गए थे। वरूण गांधी के भाजपा से रिश्ते अच्छे नही माने जाते है। क्योंकि वरूण गांधी केन्द्र सरकार की कई नीतियों की आलोचना खुले तौर पर करते है। वरूण गांधी ने पहला चुनाव 2009 में भाजपा उम्मीदवार के रूप में पीलीभीत से लड़ कर जीता था। 2014 में अमेठी से सटी सुलतानपुर संसदीय सीट से भाजपा के टिकट पर जीते थे। 2019 में वे वापस पीलीभीत से चुनाव लड़ कर जीते। वरूण के अमेठी से चुनाव लडऩे की संभवनाओं की चर्चा के बीच राहुल गांधी ने अमेठी के गरीबों के लिए 20 हजार कंबल भेजे थे। हालांकि अमेठी सांसद स्मृति ईरानी ने पहले ही 20 हजार कंबल भेजे थे। इस कंबलवार के बीच वरूण गांधी की इंट्री, अमेठी की राजनीति को दिलचस्प बना दिया है। अमेठी कांग्रेस का गढ़ रहा है। कांग्रेस के कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं का भी कहना है कि वरूण गांधी के चुनाव लडऩे की चर्चा पिछले कई महीनें से चल रही है। लेकिन सच्चाई किसी को पता नही। वरूण गांधी के अमेठी से चुनाव लडऩे की चर्चाओं व संभावनाओं का आधार क्या है, इस बारे में किसी के पास पुख्ता जानकारी नही है। एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि, वरूण गांधी सोशल मीडिया पर केन्द्र सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाते रहें है। किसानों व बेरोजगारी के मुद्दे पर खुल कर अपनी राय रखते है। यही चर्चाओं की मुख्य वजह है।