अटल की जयंती को भाजपा ने सुशासन दिवस के रूप में मनाया,

लखनऊ दिसंबर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म जयन्ती को भाजपा ने प्रदेश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया। सोमवार को लोकभवन में स्थापित अटल जी की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पुष्पार्चना कर कृतज्ञता से नमन किया। प्रदेश में पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ बूथ स्तर पर सुशासन दिवस संगोष्ठियों का आयोजन करके सुशासन के प्रणेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या तथा ब्रजेश पाठक ने लखनऊ महानगर में सुशासन दिवस संगोष्ठियों को संबोधित किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अन्त्योदय के साधक को नमन किया। उन्नाव में आयोजित सुशासन दिवस संगोष्ठी में कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने अथक परिश्रम से पार्टी संगठन को गढ़ने का काम किया। अदम्य राजनैतिक साहस के साथ देश हित में लिए कठोर निर्णय लिए। अटल जी ने सुशासन को राजनैतिक धर्म के रूप में कार्य किया और आज भी भाजपा की प्रत्येक सरकार के प्राथमिकता सुशासन है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने बाराबंकी में आयोजित सैनिक सम्मान तथा दिव्यांग उपकरण वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर सुशासन दिवस संगोष्ठी को संबोधित किया। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की। धर्मपाल ने कहा कि अटल जी संगठन के शिल्पी थे। संगठन तथा सरकार में उच्च आर्दशों और मानदंडों को तय भी किया और जीवन भर उनका अनुपालन भी किया। राष्ट्र सर्वाेपरि की भावना से कार्य करने वाले अटल जी का जीवन चरित्र हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा।भाजपा के राज्य मुख्यालय में स्थित पंडित मदनमोहन मालवीय वाचनालय में श्रद्धेय मालवीय तथा श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जयन्ती पर श्रद्धासुमन अर्पित कर गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में भारत दीक्षित, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गीता शाक्य एवं कमल ज्योति के प्रबंध संपादक राजकुमार उपस्थित रहे।