उत्तर प्रदेश में 4,21,557 किसानों से 28.17 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद कर 5253 करोड़ से अधिक का भुगतान

(जनसंदेश ब्यूरो)
लखनऊ दिसंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश में खाद्यान्न खरीद और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने कहा कि प्रदेश में इस सत्र में अब तक 4,21,557 किसानों से 28.17 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद कर 5253 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान में प्रदेश में 5204 क्रय केंद्र संचालित हैं, जिन पर लगभग 01 लाख मीट्रिक टन से अधिक दैनिक धान की खरीद हो रही है। अन्नदाता किसानों के हित में हमने तय किया है कि जब तक एक भी किसान का धान क्रय शेष रहेगा, क्रय केंद्र चलते रहेंगे। प्रत्येक दशा में खरीद के 48 घंटे में कृषक को भुगतान होना सुनिश्चित कराया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सन्तोषजनक है कि क्रय लक्ष्य के सापेक्ष आवश्यक 1.88 लाख गांठ बोरे के सापेक्ष 2.06 लाख गांठ बोरे उपलब्ध है। बोरे की कमी कहीं न हो, यह सुनिश्चित कराएं। धान क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा-आवश्यकताओं के पूरा ध्यान रखा जाए। प्रदेश में हर पात्र परिवार को राशन आसानी से और पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध हो, इस दिशा में किए गए प्रयासों के अच्छे परिणाम मिले हैं। राज्य सरकार ने ई-पॉस मशीन के साथ सही वजन सुनिश्चित करने हेतु इलेक्ट्रानिक वेईंग स्केल को शामिल किया है। इसे तत्काल प्रभावी रूप से लागू किया जाए।