भाजपा सरकार के दस वर्ष में देश पीछे चला गया है महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं मिला -अखिलेश यादव 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के दस वर्ष में देश पीछे चला गया है। देश को महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं मिला है। भाजपा ने जो वादे किए थे एक भी वादा पूरा नहीं किया। लोकतंत्र और संविधान को कमजोर किया है। भाजपा सरकार को 2024 के लोकसभा चुनाव में हर हाल में हटाना है। भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से किसान, नौजवान समेत हर वर्ग तबाह हो गया है।
   अखिलेश यादव ने आज नववर्ष पर समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, में आये जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए वर्ष 2024 में सभी के जीवन में सुख समृद्धि की मंगल कामना की। राष्ट्रीय महासचिव श्री शिवपाल सिंह यादव तथा श्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी सभी को नए साल की बधाई दी और सम्बोधित किया।
    अखिलेश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि नए वर्ष में राजनीति में आगे बढ़ने का संकल्प लेना है। भाजपा लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट करने के साजिश कर रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की धांधली को रोकना है। भाजपा को रोकने के लिए बूथस्तर तक संगठन को मजबूत करना है। सावधानी से वोट का इस्तेमाल करना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटो पर भाजपा को हराना है।
    यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में अराजकता फैला रखी है। महिला अपराध और साइबर क्राइम में यूपी नम्बर वन है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां दुष्कर्म की शिकार हो रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। शिक्षक अभ्यर्थी वर्षों से अपनी नियुक्ति के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और भाजपा सरकार उन पर निर्ममता से लाठियां बरसा रही है।
    अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। जनता को सावधान करना है कि जब लोकतंत्र और संविधान ही नहीं रहेगा तो फिर वोट देने का अधिकार भी छिन जाएगा। पीडीए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों को न्याय नहीं मिलेगा। सरकारी संस्थानों का निजीकरण हो रहा है। भाजपा आउटसोर्सिंग से संविदा भर्ती करके आरक्षण को पूरी तरह से समाप्त कर रही है। भाजपा सरकार की साजिशों को घर-घर, जन-जन तक पहुंचाना है ताकि जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बेदखल कर सके।
    नव वर्ष के अवसर पर अखिलेश यादव से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं नेताओं, पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों, विभिन्न समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों तथा अल्पसंख्यकों ने प्रदेश मुख्यालय में मुलाकात कर बधाई दी।