ग्लोबल वार्मिंग के खतरों से बचने के लिए पर्यावरण संरक्षण जरूरी : मुख्यमंत्री

गोरखपुर, फरवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूली छात्र-छात्राओं को ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण की सीख देते हुए कहा कि दुनिया को ग्लोबल वार्मिंग के खतरों से बचने के लिए पर्यावरण संरक्षण के उपायों पर गंभीरता से ध्यान देना होगा। पर्यावरण को बचाकर ही जीव सृष्टि की भी रक्षा की जा सकेगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार तो प्रयास कर ही रही है, समाज को भी जागरूक होना पड़ेगा।

सीएम योगी रविवार को दोपहर बाद दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज सभागार में एक मीडिया समूह की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को सम्मानित करने के बाद उनका मार्गदर्शन कर रहे थे। इस समारोह में पूर्व में हुए बाल मेला एवं बाल उमंग कार्यक्रम की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत कराया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति में मनुष्य के साथ हर जीव की मौजूदगी आवश्यक है। सभी एक दूसरे पर आश्रित हैं। इसलिए हमें उनकी जरूरत को भी देखने की आवश्यकता है। पर्यावरण के नुकसान से जीव सृष्टि को नुकसान होगा और इस खतरे से मनुष्य भी अछूता नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के वैज्ञानिक और पर्यावरणविद ग्लोबल वार्मिंग से चिंतित हैं। इसे रोका नहीं गया तो दुनिया के कई क्षेत्रों में व्यापक सूखा और बाढ़ जैसी आपदाएं आ सकती हैं। खाद्यान्न का भीषण संकट उत्पन्न हो सकता है। जरूरी है कि हम आज ही इस पर नियंत्रण रखने की तरफ कदम बढ़ाएं।

एलइडी स्ट्रीट लाइट से ऊर्जा की बचत, कार्बन उत्सर्जन भी कम
पर्यावरण संरक्षण को लेकर सीएम योगी ने अपनी सरकार की तरफ से उठाए गए एक महत्वपूर्ण उपाय की जानकारी भी छात्र-छात्राओं को दी। उन्होंने बताया कि 5-6 वर्ष पूर्व मोहल्ले में हैलोजन स्ट्रीट लाइट जलती थी। इससे बिजली का खर्च अधिक होता था और कार्बन उत्सर्जन भी। यह ग्लोबल वार्मिंग के लिहाज से खतरनाक था। सरकार ने अभियान चलाकर कम ऊर्जा की खपत और कम कार्बन उत्सर्जन करने वाली एलइडी स्ट्रीट लाइट लगाकर ऊर्जा की बचत भी की और कार्बन उत्सर्जन से होने वाले नुकसान को भी कम किया। बताया कि प्रदेश में बिना पैसा खर्च किए 16 लाख एलइडी स्ट्रीट लाइट लगा दी गई हैं। देश को अच्छा बनाना है तो ऊर्जा की बचत करनी ही होगी।