कृषक महिला समूहों की मेहनत से प्रदेश की तस्वीर बदलेगी

cm2

लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश की प्रगति के लिए गरीबों, किसानों और महिलाओं का खुशहाल होना जरूरी है। समाजवादी सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के हितों को ध्यान में रखकर तमाम योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग के विकास के लिए संतुलित प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 11 कृषक महिला समूहों को ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्र वितरित किए। उन्होंने खरीफ-2015 के सघन प्रचार अभियान का शुभारम्भ किया।
श्री यादव ने फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषक महिला समूहों को प्राथमिकता दिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इससे कृषि में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे महिलाओं का सशक्तिकरण होगा। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं पिछड़े वर्गों को मजबूत बनाने की दिशा में समाजवादी सरकार का यह एक और प्रयास है। इसी कड़ी में समाजवादी पेंशन योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण का भी एक माध्यम बनी है।
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग से यह अपेक्षा की कि फार्म मशीनरी बैंक योजना का दायरा बढ़ाया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा कृषकों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने उम्मीद जतायी कि योजना का तेजी से संचालन होने पर बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिलेगा। कृषक महिला समूहों की मेहनत से आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलेगी। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2015-16 को किसान वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत संचालित होने वाले कार्यों से किसानों की खुशहाली में वृद्धि होगी।
श्री यादव ने प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि जहां एक ओर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर परियोजना के किनारे बड़ी कृषि मण्डियों का भी विकास किया जाएगा। इससे उद्योग, कारोबार के साथ-साथ किसानों को भी लाभ हासिल होगा। नौजवानों को आधुनिक तकनीक में दक्ष बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा जहां एक ओर नि:शुल्क लैपटॉप वितरित किए गए, वहीं दूसरी ओर किसानों की खुशहाली के लिए कामधेनु डेरी योजना भी संचालित की जा रही है। साथ ही, युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास मिशन भी प्रगति पर है। राज्य सरकार ने अपने कार्यों के जरिये प्रत्येक क्षेत्र में संतुलन बनाया है। ग्रामीण इलाकों में विद्युत की सुचारु आपूर्ति के लिए सब-स्टेशन स्थापित किए गए हैं। किसानों को सोलर पम्प की सुविधा भी दी गई है।