देश में ऑनलाइन क्राउडफंडिंग की अपार संभावनाएं: मेनका

menka impact
नई दिल्ली। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि आज भारत में ऑनलाइन क्राउडफंडिंग की व्यापक संभावनाएं हैं। हमारे प्रधानमंत्री डिजिटल भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उनके संकल्प को ऑनलाइन क्राउडफंडिंग जैसे उपक्रमों के माध्यम से बल मिलेगा। इससे भारत ही नहीं दुनिया में दान की परम्परा को एक नयी दिशा मिलेगी क्योंकि छोटे-छोटे दान एक बड़ी सुखद घटना को अंजाम दे सकते हैं। गांधी ने आज भारत में सामाजिक कार्यों के लिए क्राउडफंडिंग मंच इम्पैक्ट गुरु का लोकार्पण करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए। श्रीमती गांधी ने कहा कि सरकार के साथ-साथ गैर सरकारी संगठनों और आम नागरिक को सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए। इम्पैक्ट गुरु मंच हार्वर्ड इनोवेशन लैब में नवीन तकनीक से जुड़कर शुरू किया गया है। जो भारत में जनकल्याण के विविध उपक्रमों के साथ-साथ बच्चों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए गैर लाभकारी संगठनों के साथ मिलकर कार्य करेगा।
इम्पैक्ट गुरु के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीयूष जैन ने कहा कि क्राउडफंडिंग भारत के लोगों में दान की परम्परा को एक नई शक्ल देगा। बड़े दानदाता ही नहीं बल्कि छोटे-छोटे दान को प्रोत्साहन किया जा सकेगा। मध्यमवर्ग के लोगों में भी दान देने का प्रचलन बढ़ाना हमारा लक्ष्य है। विशेषत: युवकों में जनकल्याण एवं सामाजिक परिवर्तन के लिए दान की परम्परा के प्रति आकर्षण उत्पन्न किया जाएगा, जिसके माध्यम से सेवा और जनकल्याण के नये उपक्रम संचालित हो सकेंगे। इम्पैक्ट गुरु मंच की कोशिश से भारत में 33 लाख गैर लाभकारी संगठनों से जुड़ी समस्याओं को सुलझाया जा सकेगा। क्योंकि इन गैर लाभकारी संगठनों के सम्मुख धन उगाने के परम्परागत तरीकें बहुत खर्चीले हैं, जो कुल धन का खर्च 35 प्रतिशत तक है, जिसे नई तकनीक के अंतर्गत 5 प्रतिशत तक किया जाएगा। इससे एक बड़ी समस्या का समाधान इम्पैक्ट गुरु के द्वारा संभव हो सकेगा।