बीएनए कर्मचारी होंगे आंदोलित, 15 से करेंगे कार्य बहिष्कार

bna
सुशील सिंह
लखनऊ। भारतेन्दु नाट्य अकादमी में लालफीता शाही के शिकार कर्मचारी अब प्रमोशन सहित अन्य मांगों को लेकर 15 सितम्बर से कार्य बहिष्कार करेंगे। बीएनए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि अकादमी में कार्यरत सभी कर्मचारियों को किसी भी प्रकार का लाभ नहीं मिल रहा है इसके लिए कई बार अकादमी के निदेशक एवं संस्कृति विभाग को कर्मचारियों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। शासन द्वारा लगातार बीएनए कर्मचारी की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। नेगी ने कहा कि बीएनए कर्मचारी संघ द्वारा विगत एक वर्ष से लगातार कार्यवाहक निदेशक से विभागीय प्रोन्नति के लिए मांग पत्र दिया जा रहा है। लेकिन कार्यवाहक निदेशक द्वारा अपने अडिय़ल रवैये के कारण कर्मचारियों को विभागीय प्रोन्नति नहीं की जा रही है। जिसके कारण आज से कर्मचारियों की मांगों के प्रति कार्यवाहक निदेशक की उदासीनता के कारण कर्मचारियों द्वारा काला फीता बांध कर कार्य करना शुरू कर दिया गया है जो 14 सितम्बर तक चलेगा। इसके बावजूद भी अगर कर्मचारियों की मांगे पूरी नहीं हुई तो कर्मचारी संघ द्वारा 15 सितम्बर से पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार कर अकादमी परिसर में धरना प्रदर्शन किया जायेगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी अकादमी प्रशासन की होगी।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि अकादमी में कार्यरत कर्मचारियों की अन्य मांगे भी शासन के पास लम्बित पड़ी हुई जिसमें कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु 58 से 60 साल किये जाने, राज्य कर्मचारियों की तरह यहां के कर्मचारियों को भी पेंशन, ग्रेच्युटी एवं चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जाय तथा अकादमी में बीते 15 से 20 वर्षो से अपनी सेवा दे रहे नियत वेतन कर्मचारियों को विनियमितीकरण सहित अन्य मांगे भी है जिसको लेकर बीएनए कर्मचारी संघ आगे आन्दोलन को गति प्रदान करेगा।
वहीं भारतेन्दु नाट्य अकादमी के कार्यवाहक निदेशक अरूण त्रिवेदी ने कहा कि कर्मचारियों की मांगे पूरी करने की पूरी कोशिश की जा रही है। हम चाहते है कि सभी कर्मचारियों का भला हो जाय। इस दिशा में सभी जरूरी कार्यवाही की जा रही है।