मोदी की राह पर रमन: करेंगे मन की बात

Raman-singh
रायपुर। पीएम नरेन्द्र मोदी की राह पर अब उनके मुख्यमंत्री भी चल निकले हैं। मोदी की मन की बात कार्यक्रम की देखादेखी अब छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह भी मन की बात करेंगे। उन्होंने इसका नाम रमन के गोठ दिया है।
मुख्यमंत्री रमन सिंह के इस कार्यक्रम का प्रसारण 13 सितंबर को 10.45 बजे से 11 बजे तक आकाशवाणी से किया जायेगा। रमन सिंह की इस पहल कदमी को रमन के गोठ का नाम दिया गया है। आम तौर पर राज्यों के मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ही हर साल 15 अगस्त को आकाशवाणी और दूरदर्शन से जनता को सम्बोधित करते हैं, लेकिन डॉ. रमन सिंह देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री होंगे, जो अपने राज्य की जनता को रेडियो के माध्यम से हर महीने नियमित रूप से सम्बोधित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश की ढाई करोड़ से ज्यादा जनता के मुखिया के रूप में डॉ. रमन सिंह ने अपनी सरकार की योजनाओं के बारे में जनता को जानकारी देने और उन योजनाओं के बारे में नागरिकों का फीड बैक लेने के लिए आकाशवाणी के माध्यम से जनता तक पहुंचने का निर्णय लिया है। राज्य के विशाल भौगोलिक क्षेत्रफल, व्यापक वन क्षेत्र, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की आबादी और कृषि प्रधान राज्य के किसानों तथा ग्रामीणों की जनसंख्या को देखते हुए यह प्रयास किया जा रहा है कि इस विशेष कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री के उद्बोधन अधिक से अधिक लाभ लोगों को मिले तथा शासन और प्रशासन के प्रति जन-आस्था और भी अधिक सुदृढ़ हो सके।