कांग्रेस अध्यक्ष रहीं ऐनीबेसेंट को गूगल ने दी श्रद्धांजलि

annie-besantनई दिल्ली। इंटरनेट के बादशाह सर्च इंजन गूगल ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका अदा करने वाली और देश में स्वशासन की मजबूत पैरोकार, ब्रिटिश समाजवादी, महिला अधिकार कार्यकर्ता और लेखक एनी बेसेंट की 168वीं जयंती पर शानदार डूडल बनाकर उन्हें याद किया है।
सर्च इंजन के होमपेज पर कंपनी के लोगो के स्थान पर लगी इस तस्वीर की पृष्ठभूमि समुद्री हरे रंग की है जिसमें मटमैले रंग से गूगल अंकित है। बीच में एनी बेसेंट को प्रसन्नचित मुद्रा में कुर्सी पर बैठे दिखाया गया है। उनके हाथों में नया इंडिया का एक संस्करण है। भारत के स्वशासन की पक्षधर बेसेंट का जन्म वर्ष 1847 में हुआ था।प्रभावी वक्ता होने के साथ वह लंदन में लंबे समय तक सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी रहीं। बेसेंट 16 नवंबर 1893 को मद्रास के अडयार में थियोसोफिकल सोसायटी के वाषिर्क सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आई, जिन्होंने वर्ष 1898 में वाराणसी में सेंट्रल हिंदू कॉलेज की स्थापना की। इसके बाद बेसेंट भारतीय राजनीति का हिस्सा बनीं। वहीं, पहले विश्व युद्ध के दौरान वर्ष 1914 में उन्होंने भारत में लोकतंत्र के लिए होम रूल लीग की शुरुआत की वकालत की। वह वर्ष 1917 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं। 20 सितंबर 1933 को ऐनी बेसेंट का अडयार में निधन हो गया।