बस्तर के दशहरा में महाराजा की यादें

bustar desahraसुधीर जैन, जगदलपुर। बस्तर के ऐतिहासिक दशहरा पर्व को भव्य रूप प्रदान करने में बस्तर के भूतपूर्व महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव अपने जीवन के अंतिम क्षण तक आदिवासियों के इस परंपरागत पर्व को विधान के अनुसार संपन्न करवाते रहे। उनके जीवन काल में राजमहल का सिंह द्वार हमेशा आदिवासियों के लिए खुला रहा। देवी की रथ यात्रा तथा विधानों के अनुसार पर्व संपन्न करवाना उनके दृढ़ संकल्प एवं आदर्श के रूप में आज भी याद किया जाता है। यही कारण है कि बस्तर दशहरा की चर्चा शुरू होने के साथ प्रतिवर्ष बस्तर की आदिवासी जनता स्व. प्रवीर चंद्र को अपने श्रद्घा सुमन अर्पित करने बस्तर के राजमहल पहुंचती है। बस्तर का दशहरा यहां के एक उत्सव का केन्द्र होता है और बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी को सत्कार के साथ इस धार्मिक उत्सव में सम्मिलित किया जाता रहा है। इस वर्ष भी नई चुनी दशहरा समिति उसी परंपरा को निभाएगी। 75 दिनों तक चलने वाले विश्व विख्यात बस्तर दशहरे उत्सव का आरंभ काछन गादी नाम के उत्सव से प्रारंभ होता है। आश्विन बदी अमावस्या के दिन दोपहर को ग्रामों के मुखिया, मांझी, नगर के गणमान्य नागरिक तथा राजपरिवार के सदस्य नगाड़े, ढोल, शहनाई एवं वाद्य यंत्र के बीच होते हैं और बस्तर के ग्रामीण अंचलों से आये देवी-देवताओं का यहां धूप दीप से स्वागत किया जाता है। नगर के भंगाराम चौक के पास स्थित काछन देवी के मंदिर में जाकर इस देवी से दशहरा मनाने की अनुमति और सफलता पूर्वक दशहरा संपन्न होने का अभय दान राजपरिवार द्वारा वर्षों से मांगा जाता रहा है। आज भी राज परिवार के लोग देवी से अभय दान एवं आर्शीवाद लेकर उत्सव प्रारंभ करते हैं।
इसी दशहरा पर्व के बीच नवरात्रि पर्व पर बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में कलश स्थापना होती है तथा सीरासार में जोगी बैठाई की रस्म अदा की जाती है। लगभग दो शताब्दी से जोगी एक आदिवासी परिवार का सदस्य इस रस्म को संपन्न कराते आ रहे हैं। यह माना जाता है कि इस जोगी बैठाई रस्म से दशहरा उत्सव में आदिवासियों का प्रतिनिधित्व स्वयं हो जाता है। इस ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के अवसर पर जोगी बैठाई के दूसरे दिन फूल रथ का चलना प्रारंभ होता है। सीरासार भवन के पास से मावली गुड़ी देवी की पूजा पश्चात यह रथ आदिवासी जनता के जुलूस के साथ निकलता है। रथ की भव्यता को देखने दूर दूर से पर्यटक बस्तर आते हैं।
पूर्व में दंतेश्वरी मांई के छत्र के साथ महाराजा या राजपुरूष बैठते थे। सन 1949 से 1961 तक शासन के आदेश अनुसार फूल रथ पर दंतेश्वरी माई का छत्र रखकर ही रथ यात्रा संपन्न की जा रही है। 1961 में स्व. प्रवीर चंद्र भंजदेव की राजमान्यता समाप्त करने के बाद भी 1965 तक रथ पर राजपुरूष आरूढ़ होते रहे। 1966 में प्रवीर चंद्र भंजदेव की मृत्यु के बाद रथ पर दंतेश्वरी माई का छत्र ही लगातार रखकर रथ यात्रा संपन्न होती रही। किन्तु 1966 में स्व. महाराजा की विधवा महारानी वेदवती को शासन द्वारा रथ मे बैठनी की अनुमति दी गई थी। उस वर्ष महारानी ने दशहरा पर्व पर किसी प्रकार का शासकीय अनुदान लेने से इनकार कर दिया था। वर्तमान में अनेक वर्षों से बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का छत्र ही रथ पर विराजमान किया जाता है। 75 दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के आकर्षण भीतर रैनी, विजयादशमी तथा बाहर रैनी एकादशी होती है, जिसमें आदिवासी वन्यांचलवासी भारी संख्या में सम्मिलित होते हैं।
इस पर्व की समाप्ति बाहर रैनी के दूसरे दिन मुरिया दरबार के साथ होती है। रियासतकाल में इस दरबार में आदिवासी जनता अपनी भेंट महाराजा को अर्पित करती थी और महाराजा सबकी शिकायतें सुनकर उसका निराकरण करते थे। वर्तमान में शासन द्वारा इस उत्सव के अंतिम दिन इस दरबार प्रथा को औपचारिक रूप से संपन्न कराया जाता है, जिसमें दशहरा समिति के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी आदिवासी जनता की शिकायतें को सुनकर उनके समाधान की व्यवस्था करते हैं। इस दरबार उत्सव के बाद काछन जात्रा, दूसरे दिन गंगामुंडा यात्रा और अंत में देवियों की विदाई का उत्सव होता है। इसी दिन दंतेवाड़ा से आमंत्रित मां दंतेश्वरी का विदाई समारोह पूर्वक संपन्न होती है।