गुस्से में आगबबूला फौजी ने बीवी को मारी गोली

firingउरई। पूर्व फौजी ने विवाद के बाद अपनी पत्नी पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी जिससे उसे छर्रे लग गये। इसी बीच पत्नी उसे चकमा देकर भाग निकली और रात भर घायल हालत में खेतों में पड़ी रही। सुबह उसने मायके में पहुंचकर पिता को जानकारी दी। उनकी सूचना पर पुलिस ने पूर्व फौजी को बंदूक सहित पकड़ लिया लेकिन अब मामले को आपस में समझौता कराकर रफादफा कराया जा रहा है।
रामपुरा थाने के राठौरनपुरा गांव में पूर्व फौजी ज्ञान सिंह पाल का मंगलवार को रात में अपनी पत्नी मीरा से विवाद हो गया। गुस्से में उसने लाइसेंसी बंदूक उठाकर उस पर तान दी। घबराकर मीरा कमरे में घुस गई और उसने दरबाजा बंद कर लिया। फिर भी ज्ञान सिंह ने फायर कर दिया जिससे उसे छर्रे लग गये। बाद में मौका पाकर वह घर से निकल भागी और रात भर खेतों में छुपी रही। सुबह पास में ही बघावली गांव स्थित अपने मायके में उसने रिटायर्ड शिक्षक पिता को जानकारी दी। उनकी सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर ज्ञानसिंह को मय बंदूक के पकड़ लिया। हालांकि एसओ राजभइया का अब कहना है कि पति-पत्नी में झगड़ा हो गया था। आज परिजनों ने समझौता करा दिया है इसलिए अभी तक कार्रवाई के बारे में वे तय नहीं कर पाये हैं।