बिहार में स्टिंग आपरेशन: मंत्री अवधेश चार लाख लेते बेनकाब

mantri biharपटना। बिहार सरकार में उत्पाद मंत्री अवधेश कुशवाहा एक स्टिंग आपरेशन में मुंबई की एक पार्टी से चार लाख रुपये कैश लेते दिखाए गए हैं। यह राशि इस बात को लेकर ली गयी है कि जब फिर से उनकी सरकार बनी तो वह मुंबई के उक्त कारोबारी को उसके धंधे में मदद करेंगे। मुंबई की पार्टी से कैश लेते मंत्री अवधेश कुशवाहा का यह वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई। पिपरा विधानसभा क्षेत्र से जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे कुशवाहा से जब इस संबंध में बात की गयी तो इस पूरे प्रकरण से अपनी अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मैंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया है। अगर ऐसा कुछ दिखाया गया है तो वह गलत है। मैं मानहानि का मुकदमा करूंगा। यह स्टिंग अवधेश कुशवाहा के आवास पर हुआ है। स्टिंग करने वाले ने मुंबई का कारोबारी बनकर मंत्री कुशवाहा से भेंट की। उसने कहा कि आने वाले दिनों में आपकी सरकार बनी तो बड़े काम में उनका सहयोग चाहिए। उसने मंत्री जी के लिए नगद लाने की बात कही।
इस पर कुशवाहा ने सोफे से उठकर दरवाजे की सिटकनी लगायी और सोफे पर बैठ गए। इसके बाद मुंबई की कथित पार्टी ने कुशवाहा को नोटों की कई गड्डी हाथ में दी और कहा कि चार लाख रुपये हैं। मंत्री जी ने पैसे रख लिए।
इसके बाद उन्होंने अपने एक साथी मंत्री को फोन लगाया। अपने साथी मंत्री को कहा- अरे एक मुंबई की पार्टी आई है। मदद चाहते हैं। हम पांच लोग एक मानसिकता के हैं। देख लीजिए। चुनाव में मदद करेंगे। कल आपसे मुलाकात करा देंगे। मंत्री जी ने इत्मीनान से मुंबई के कथित कारोबारी को यह भी बताया कि एक विधानसभा चुनाव लडऩे में कम से कम डेढ़-दो करोड़ रुपये का खर्च होता है। वहीं इस बाबत जब मंत्री अवधेश कुशवाहा से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि सब गलत है। वह किसी को जानते ही नहीं है, जिसने यह किया है उस पर वह मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे।