चुनाव बाद हिंसा सरकार और चुनाव आयोग के लिए चुनौती: बीजेपी

bjp-logo

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के बाद खूनी हिंसा पर सपा सरकार, सपा कार्यकर्ता और चुनाव आयोग पर प्रहार किया। प्रवक्ता डा. मनोज मिश्र ने सपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के बाद पूरा उ.प्र. चुनावी हिंसा में डूब गया जबकि प्रदेश सरकार निष्क्रिय और नकारा रहीं। डा. मिश्र ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कारण सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव बाद प्रदेश को हिंसा से तर-बतर कर दिया। चुनाव आयोग चुनाव बाद हिंसा की कल्पना नहीं कर सका। सपाईयों ने खुलेआम प्रदेश भर में ताण्डव किया फलस्वरूप 21 जिलों के 63 मतदान केन्द्रों पर पुर्नमतदान कराना पड़ा। सैकड़ों जगह हिंसा, मतपत्रों की लूटपाट के बाद भी पुनर्गतदान आवश्यक होने पर भी नहीं कराया गया। चुनाव के बाद की हिंसा से पूरा प्रदेश कराह उठा। चुनाव बाद शनिवार को प्रदेश में कई जगह हिंसा में दो लोगों की मौत और दर्जनों लोग घायल हो गये। टूण्डला में दो पक्षों में टकराव के बाद पीएसी तैनात करनी पड़ी। अयोध्या में जिला पंचायत सदस्य को गोली मार दी गई। एटा में भी दो पक्षों में फायरिंग हुई। अमेठी में युवक की हत्या कर दी गई और फिरोजाबाद में भी एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पूरा प्रदेश चुनाव बाद हिंसा से दहल उठा। सरकार निष्क्रिय रही और सपाई प्रदेश भर में हिंसा का ताण्डव करते रहे।