मैं मस्तानी बनती तो सलमान होते बाजीराव: ऐश्वर्या

salman-aishमुम्बई। अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन का कहना है कि उन्हें संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव मस्तानी में काम ना करने का मलाल नहीं है। पहले इस फिल्म में ऐश्वर्या काम करने वाली थीं। फिल्म को भंसाली की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म कहा जा रहा है। भंसाली 1999 में आयी अपनी फिल्म हम दिल दे चुके सनम की अपार सफलता के बाद बाजीराव मस्तानी में सलमान और ऐश्वर्या को मुख्य भूमिकाओं में लेना चाहते थे। फिल्म में अब यह भूमिकाएं रणबीर सिंह और दीपिका पादुकोण निभा रहे हैं। इस फिल्म के बारे में पूछे जाने पर ऐश्वर्या ने कहा, फिल्म बाजीराव मस्तानी की शुरूआत से ही वह खास कलाकारों को लेना चाहते थे। अगर वैसा होता तो आप सब को पता है कि उनकी इच्छा के मुताबिक मैं मस्तानी बनती, लेकिन ऐसा तभी होता अगर उनके द्वारा सोचा गया अभिनेता (सलमान की तरफ इशारा करते हुए) बाजीराव बनता। लेकिन ऐसा नहीं हुआ फिर हमने खुलकर इस बारे में बात की। यह ऐसी चीज नहीं है जिसे लेकर सोचा जाए…चिंता की जाए। हर फिल्म की अपनी नियति होती है और वह वहीं पहुंचती है जहां जाने के लिए बनी होती है। ऐश्वर्या पांच साल के अंतराल के बाद अब संजय गुप्ता की फिल्म जज्बा में नजर आएंगी। अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने आखिरकार बाजीराव मस्तानी को बनाने के लिए भंसाली को चिढ़ाया भी। उन्होंने भंसाली के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा, उनके साथ मेरा करीबी नाता है और इस कारण हम करीबी व्यक्तिगत संबंध साझा करते हैं। कुछ फिल्मकारों के साथ मेरे संबंध व्यक्तिगत रूप से मजबूत हैं और यह केवल काम को लेकर नहीं है।