यूपी में अब गरीबों को मिलेगी मेदान्ता की आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में समाजवाद लाने का काम किया है। समाजवादी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हुई हैं। वर्तमान में राज्य में सभी के लिए सस्ती एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हैं, इन सेवाओं को लगातार और बेहतर करने का प्रयास जारी है।
मुख्यमंत्री ने मेदान्ता-अवध सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण कार्य के शुभारम्भ करते हुए ये बातें कहीं। राजधानी लखनऊ में मेदान्ता-अवध अस्पताल के निर्माण के लिए अस्पताल के संस्थापक डा. नरेश त्रेहन को बधाई देते हुए कहा कि देश में अच्छे इलाज के लिए एम्स के साथ मेदान्ता अस्पताल का नाम लिया जाता है। अच्छे इलाज और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए डा. त्रेहन और उनकी टीम ने दुनिया भर में नाम कमाया है। प्रदेश सरकार इस अस्पताल के निर्माण के लिए अपना सहयोग करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि लखनऊ में मेदान्ता-अवध के बन जाने से गरीबों को आधुनिक और अच्छा इलाज मिलेगा।
सीएम ने कहा कि लखनऊ का विकास मेडिकल राजधानी के रूप में हो रहा है। यहां पर पहले से ही पीजीआई, केजीएमयू, लोहिया संस्थान जैसे चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी पहचान रखने वाले संस्थानों के साथ कई अन्य उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थान मौजूद हैं। आज मेदान्ता-अवध का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो गया है। जल्द ही यहां पर एक कैंसर इंस्टीट्यूट का निर्माण शुरू होने वाला है। इन संस्थानों के बन जाने से इलाज के एक अच्छे केन्द्र के रूप में लखनऊ की पहचान और अधिक मजबूत हो जाएगी।  कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने डा. नरेश त्रेहन का लखनऊ में स्वागत करते हुए कहा कि डा. त्रेहन बड़े डॉक्टर ही नहीं, बड़े इंसान भी हैं। इनके मन में मनुष्य के प्रति बहुत करुणा और दया है। उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ने जनता को जितनी सुविधाएं मुहैया करायी हैं, इतनी सुविधाएं देश की किसी अन्य सरकार द्वारा नहीं दी जा रही हैं। दुनिया के वही देश मजबूत होकर उभरे हैं, जहां शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। राज्य सरकार ने इन दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।