चोट के चलते मैदान बाहर हुए इशांत

CRICKET-RSA-IND

खेल डेस्क। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा चोट की वजह से हरियाणा के खिलाफ रणजी मैच के तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे। उन्होंने खेल के दूसरे दिन छह ओवर गेंदबाजी की थी मगर तीसरे दिन वो मैदान पर ही नहीं आए। मैदान पर उनके नहीं आने के कारणों का खुलासा करते हुए दिल्ली टीम मैनेजमेंट ने कहा कि हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से वो तीसरे दिन नहीं खेल पाए। हालांकि इशांत की चोट कितनी गंभीर है इसका पता नहीं चल पाया है। वैसे आमतौर पर हैमस्ट्रिंग इंजरी के ठीक होने में दो से छह सप्ताह का समय लगता है मगर ये चोट की गंभीरता पर निर्भर करता है। खेल जानकारों के अनुसार अगर इशांत की चोट गंभीर हुई तो ये टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर नहीं है। आइसीसी के बैन की वजह से इशांत साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे और अगर उनकी चोट गंभीर हुई तो वो शायद दूसरा टेस्ट मैच भी नहीं खेल पाएंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए टीम का एलान सोमवार को किया जाएगा।