बरेली से बहेड़ी जाइये एक घंटे में, सीएम ने किया 4 लेन का शुभारंभ

cm newलखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश की समाजवादी सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को खुशहाली व तरक्की के रास्ते पर ले जाना है। सेक्युलर और समाजवादी रास्ता ही विकास का वास्तविक रास्ता हो सकता है। पिछले साढ़े तीन साल के समय में समाजवादी सरकार प्रदेश को बहुत आगे ले आयी है। राज्य की स्थिति में काफी सकारात्मक बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश ने वर्तमान में अनेक राज्यों को विकास गतिविधियों के मामले में काफी पीछे छोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को बरेली-बागेश्वर स्टेट हाईवे-37 के तहत बरेली से बहेड़ी तक पीपीपी मॉडल पर नवनिर्मित 4-लेन सड़क के लोकार्पण समारोह के दौरान अपने विचार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग का नाम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास में अपने संसाधनों के साथ-साथ निजी क्षेत्र का भी सहयोग ले रही है। यह सड़क भी निजी क्षेत्र के सहयोग से बनायी गई है। इस सड़क के बन जाने से अभी तक जो दूरी दो से तीन घण्टे में तय की जा रही थी, उसे एक घण्टे में तय किया जा सकेगा। इससे उत्तराखण्ड राज्य को भी फायदा होगा।
सीएम ने कहा कि अगर स्पीड को दो गुना कर दिया जाये तो अर्थव्यवस्था की गति तीन गुना हो जाती है अर्थात रफ्तार बढऩे से खुशहाली और तरक्की की रफ्तार भी बढ़ जाती है। प्रदेश सरकार ने जिन सड़कों का शिलान्यास किया था वे अब पूरी होने लगी हैं और उनका उद्घाटन भी होने लगा है। समाजवादी सरकार सभी जिला मुख्यालयों को 4-लेन सड़कों से जोडऩे की योजना पर काम कर रही है। प्रदेश में अनेक जगहों पर 4-लेन सड़क बनायी जा रही है। समाजवादियों को एक और मौका मिलने पर प्रदेश के सारे जनपद 4-लेन की सड़कों से जुड़ जायेंगे।