खरगौन में बवाल के बाद लगा कफ्र्यू: 100 गिरफ्तार

UP-Police-alertखरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में दो पक्षों के बीच आपसी तनाव के बाद गुरूवार और शुक्रवार की दरमियानी रात कफ्र्यू लगा दिया गया। कलेक्टर नीरज दुबे ने बताया कि देर रात लगभग 1 बजे शहर में कफ्र्यू लगा दिया गया। तनाव फैलाने के अंदेशे के चलते अब तक लगभग 100 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसके पहले कल देर शाम विजयी जुलूस के दौरान शहर के दो क्षेत्रों तालाब चौक और मोहन टॉकीज में दो पक्षों के बीच लोगों पर पथराव की घटनाएं हुईं थीं। कुछ ही देर में दोनों इलाकों में आमने सामने जम कर पथराव शुरू हो गया। साथ ही कई दुकानों और मकानों समेत लगभग 12 स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी हुईं। हालांकि आगजनी की घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। अशांति की खबर फैलते ही पुलिस महानिरीक्षक दिलीप आर्य और पुलिस अधीक्षक अमित सिंह समेत सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस प्रशासन ने भीड को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोडे, लेकिन हालात काबू में न आने पर जिला प्रशासन ने रात लगभग सवा आठ बजे धारा 144 लागू कर दी।
दुबे ने बताया कि इसके बाद भी कई स्थानों से आगजनी की सूचनाएं मिलने के बाद देर रात लगभग एक बजे शहर में कफ्र्यू लगा दिया गया। पथराव की घटनाओं में पांच लोग घायल हैं। पुलिस प्रशासन उपद्रवियों को काबू में करने के लिए स्थान-स्थान पर तलाशी के साथ लोगों पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। कफ्र्यू लगने के बाद से अभी तक स्थिति नियंत्रण में है। शहर भर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।