रावण को छोड़ जला दिया पूर्व पीएम के बेटे का पुतला

ajey singइलाहाबाद। मांडा में रावण वध न होने पर आक्रोशित ग्रामवासियों ने पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के मांडा स्थित राजमहल पर पथराव किया। उनके पुत्र अजेय प्रताप सिंह के विरुद्ध नारे लगाते हुए उनका पुतला दहन किया। मांडा स्टेट द्वारा एक सौ साल से भी अधिक समय से रामलीला का मंचन कराया जाता था। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह की मृत्यु के बाद उनके पुत्र अजेय प्रताप सिंह ने मांडा में रामलीला कराना बंद कर दिया। इधर चार वर्षों से मांडा स्थित दशमियहवॉ पहाड़ पर रावण वध नहीं हो पा रहा है।
इससे नाराज गांव के कुछ युवकों ने गुरुवार की रात लगभग आठ बजे अजेय प्रताप सिंह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांडा राजमहल पर पथराव शुरू कर दिया। बाद में अजेय प्रताप सिंह का पुतला दहन किया। लोगों का कहना था कि अजेय प्रताप ने प्राचीन परंपरा को बंद कर मांडा के लोगों के साथ मजाक किया है। राजा राम प्रताप सिंह, राजा राम गोपाल सिंह और राजा वीपी सिंह ने जिस परंपरा को कायम रखा उसे अजेय सिंह ने समाप्त कर दिया जबकि राम जानकी ट्रस्ट को रामलीला कराने के लिए सरकार से अनुदान मिलता है।