स्वाइन फ्लू से अब तक 42 लोगों की मौत

swine fluरायपुर। प्रदेश में स्वाइन फ्लू की दहशत दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। वहीं जांच रिपोर्ट आने से पहले ही एक महिला की कल अंबेडकर अस्पताल में मौत हो गई। इस तरह स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 तक पहुंच गई है।
ज्ञात हो कि प्रदेश में इस समय ठंड का मौसम शुरू हो गया है। इसके चलते स्वाइन फ्लू के वायरस तेजी से फैल रहे हैं। चिकित्सकों की माने तो स्वाइन फ्लू के वायरस एच1एन1 35 डिग्री से अधिक के तापमान पर जीवित नहीं रह पाते। वर्तमान में राज्य के अधिकांश प्रमुख शहरों और इलाकों में इस समय अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे चल रहे हैं। लिहाजा इस समय स्वाइन फ्लू का प्रकोप सबसे अधिक होता है। ज्ञात हो कि राज्य में जनवरी से लेकर अब तक 875 लोगों में स्वाइन फ्लू होने के लक्षण पाए गए। इनमें से करीब 210 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। वहीं अब तक स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। इधर कल ही अंबेडकर अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत हो गई। बेमेतरा निवासी इस महिला को 23 अक्टूबर को स्वाइन फ्लू होने की आशंका में भर्ती कराया गया था। उसकी जांच रिपोर्ट अभी तक दिल्ली से नहीं आई है और इसी बीच उसकी मौत हो गई।