फिर टल गया बेहमई नरसंहार का फैसला

लखनऊ। यूपी के बेहमई सामूहिक नरसंहार कांड को लेकर आने वाला फैसला शनिवार को दूसरी बार टल गया। फैसले की अगली तारीख 24 जनवरी दी गई है। इसके पहले 6 जनवरी को फैसला सुनाया जाना था।
शनिवार को फैसले के लिए सुधीर कुमार विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र (एंटी डकैती) की कोर्ट को मूल केस डायरी पत्रावली में नहीं मिली। अब कोर्ट इसको तलाशने के निर्देश दिये हैं। इसके लिए कोर्ट लिपिक राजेंद्र प्रसाद को नोटिस थमा दी गई है।
इसके पहले 6 जनवरी को फैसला सुनाए जाने के पहले आरोपियों के अधिवक्ता से कोर्ट से लिखित तौर पर अपना पक्ष प्रस्तुत करने की मांग की गई। जिसके बाद कोर्ट ने 18 जनवरी की तारीख लगा दी। आरोपियों के वकील ने 16 जनवरी को लिखित रूप से अपना पक्ष पेश कर दिया था।
14 फरवरी 1981 को डाकू फूलन देवी और उसके गिरोह के 35 सदस्यों ने बेहमई गांव में धावा बोलकर 20 लोगों की हत्या कर दी थी। फूलन ने बेहमई में उनके साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के बदले के लिए नरसंहार किया था। कई लोग गोली लगने से घायल हो गए थे।