राष्ट्र गौरव का अपमान करने पर तुली है मोदी सरकार: निर्मल खत्री

nirmal khatri
लखनऊ। यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. इन्दिरा गांधी एवं स्व. राजीव गांधी के नाम पर जारी डाक टिकटों पर केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा रोक लगाये जाने पर कड़ी निन्दा की है। डा. खत्री ने कहा कि दोनों दिवंगत नेता राष्ट्रगौरव हैं और मोदी सरकार राष्ट्र गौरव का अपमान करने पर तुली हुई है।
डा. निर्मल खत्री ने कहा कि मोदी सरकार इतिहास को बदलने और धूमिल करने का प्रयास कर रही है। स्व. पं. जवाहर लाल नेहरू, स्व. इन्दिरा गांधी एवं स्व. राजीव गांधी उत्तर प्रदेश के हैं और मोदी सरकार उत्तर प्रदेश को कलंकित करने का दुष्चक्र रच रही है। इन महान नेताओं ने आजादी के आंदोलन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था और आजादी के बाद इस देश के विकास के लिए अतुलनीय काम किया है। इन्दिरा जी ने एक तरफ जहां देश को परमाणुशक्ति सम्पन्न बनाकर विश्व पटल पर स्थापित किया वहीं राजीव जी ने देश में सूचना प्रौद्योगिकी लाकर विश्व के विकसित देशों में भारत को स्थापित करने का कार्य किया था, ऐसे महान कार्यों के लिए इन नेताओं को हमेशा याद किया जाता रहेगा। डा. खत्री ने कहा कि पं. नेहरू सहित इन्दिरा एवं राजीव के नाम पर डाक टिकट जारी करने का निर्णय पार्टीगत न होकर बल्कि तत्कालीन केन्द्र सरकार का रहा है। मोदी सरकार का यह कृत्य पूरी तरह दुराग्रहपूर्ण है और निश्चित तौर पर देश की महान विभूतियों का अपमान है। उ.प्र. कंाग्रेस मोदी सरकार के इस कृत्य का घोर विरोध करती है।