राहुल बोले: यूपी में तीस साल बाद पैर जमाने का अच्छा मौका है

rahul -1

लखनऊ। दो दिन के दौरे पर अमेठी पहुंचे राहुल गांधी ने कहा है कि जब तक केन्द्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार है, तब तक देश से बेरोजगारी नहीं खत्म होगी। देश में आर्थिक विकास नही होगा। यहां उद्योगपतियों को भी कोई लाभ नही होने वाला। सरकार के काम से सिर्फ उन 5. 7 लोगों का भला हो रहा है, जिन्होंने मोदी सरकार बनवाने के लिए पैसा लगाया है। राहुल गांधी मुसाफिरखाना के एएच इंटर कालेज में पार्टी के न्याय पंचायत अध्यक्षों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संबाधित कर रहे थे। राहुल ने कहा कि 30 साल बाद ये सबसे अच्छा मौका है कि उप्र में कांग्रेस अपनी पकड़ मजबूत करे। इसलिए आप सभी कार्यकर्ताओं से अपील है कि पार्टी के काम में पूरी लगन से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि उप्र बहुत अहम राज्य है। एक बार यहां पकड़ बन गई तो हम इन लोगों सपा, भाजपा, बसपा पर दबाव बना ही लेंगे। उप्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो अमेठी का सबसे ज्यादा फायदा होगा।
प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना राहुल ने कहा कि बिहार चुनाव से पहले सीना तान के आते थे। पार्लियामेंट में बैठते थे। इधर- उधर देखते थे और चले जाते थे। बिहार इलेक्शन के रिजल्ट आने के बाद अब डाउन हो गए हैं। जैसे लगता है अब बिहार है ही नहीं। पहले प्रधानमंत्री मोदी अपने मंत्रियों से बात तक नहीं करते थे। अब तो थोड़ा- बहुत करने लगे हैं।
राहुल गांधी बुधवार की दोपहर अपने संसदीय क्षेत्र के छतोह ब्लाक के रास्ते में लोगों से पूछा कि क्या आपके खाते में 15 लाख आ गए। लोगों ने नही में जवाब दिया। छतोह में उन्होने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि फूड पार्क और हिन्दुस्तान पेपर मिल के लिए यहां जमीन मिल गई थी, लेकिन केन्द्र सरकार ने दोनों परियोजनाओं पर रोक लगा दी। भाजपा नहीं चाहती है कि अमेठी में विकास हो लेकिन हम विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए आप लोगों को भी संघर्ष करना होगा। उन्होंने प्रधानों से कहा कि राजीव गांधी का सपना था कि गांव का विकास प्रधान तय करें। उन्हें मालूम है कि किस तरह गांव में विकास होना चाहिए। अगर आपको अधिकार नहीं मिले हैं तो उनके लिए मांग करिए। कांग्रेस व मैं आपके साथ हूं। राहुल गांधी ने कहा कि महंगाई चरम पर पहुंच गई है। मोदी का भूमि अधिग्रहण बिल जनता विरोधी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष केन्द्र सरकार की खराब नीतियों के विरुद्ध चलता रहेगा। जनता के हितों के विरुद्ध जो भी निर्णय होंगे उस पर कांग्रेस कड़ा विरोध करेगी।
गौर हो कि अमेठी पहुंचे राहुल गांधी का सम्राट साइकिल कारखाने के लिए ली गई जमीन किसानों ने विरोध किया। किसानों ने कहा कि या तो फैक्ट्री चालू हो या उन्हे जमीन वापस दी जाए। यह जमीन 1984 में ली गई थी। अमेठी से सपा विधायक व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने कांग्रेस समर्थक कई प्रधानों को सपा में शामिल करा दिया। मंत्री ने कहा कि अमेठी का राुहल ने विकास नही किया बल्कि विकास में पीछे कर दिया। जबकि छतोह ब्लॉक के सलोन में नव निर्वाचित प्रधानों से मिलने पहुंचे राहुल के काफिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। जिसमें कई लहूलुहान हो गए। दोनों पक्ष राहुल गांधी के काफिले में आगे रहना चाहते थे। एक- दूसरे से आगे निकलने की होड़ में इनकी गाडिय़ां भिड़ गईं जिस वजह से विवाद शुरू हो गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते हुए विवाद काफी बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में कई लोग घायल भी हो गए। भीड़ और सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया।