राजनाथ उवाच: एपी और यूके में राजनीतिक संकट कांग्रेस की देन

rajnath-singhनई दिल्ली। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड के राजनीतिक संकट के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए मंगलवार को कहा कि इन राज्यों में सरकारों के लिए गंभीर स्थिति उसी की वजह से पैदा हुई।
लोकसभा में शून्यकाल के दौरान कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे द्वारा केन्द्र सरकार पर इन राज्यों में सरकारों को अस्थिर करने के आरोप लगाए जाने पर राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस का यह कहना कि राज्य में सरकारों को अस्थिर करना भारतीय जनता पार्टी की आदत रही है, दुर्भाग्यपूर्ण है। वास्तव में इन राज्यों में जो राजनीतिक संकट पैदा हुआ, वह कांग्रेस की वजह से ही हुआ। उत्तराखंड में उसकी ही पार्टी के नौ विधायक अपनी सरकार के खिलाफ खड़े हो गए थे और अरुणाचल प्रदेश में भी कांग्रेस के भीतर फूट पैदा हो गई थी। इसके लिए केन्द्र सरकार को दोष देना उचित नहीं है।
उन्होंने में कहा कि नाव यदि अपने ही छेद के कारण नदी में डूबने लगे तो इसके लिए पानी को दोष नहीं दिया जा सकता। उनके इस कथन के बाद विपक्षी सदस्य शोर मचाने लगे और कहने लगे कि केन्द्र सरकार ने ये दलीलें उच्चतम न्यायालय में क्यों नहीं पेश कीं।
इससे पहले खडगे ने भाजपा पर आरोप लगाया कि विभिन्न राज्य में सरकारों को अस्थिर करना उसकी आदत रही है और वह जोड़तोड़ करके पिछले दरवाजे से अपनी सरकार बनाने की कोशिश में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में उसका कोई विश्वास नहीं है। वह सिर्फ बातें बनाती है। एक तरफ वह संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर की 125 वीं जयंती जोरशोर से मनाने लगी है लेकिन उनके ही बनाए गए संविधान पर नहीं चल रही है।