हाहाकार: घाघरा खतरे के निशाने से ऊपर

ghaghra riverलखनऊ। अवध क्षेत्र में पिछले चार दिनों से हो रही बारिश से उफनी नदियां और ज्यादा डरावनी हो गयी हैं। घाघरा व सरयू, राप्ती, शारदा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, तो कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पहाड़ों में हो रही बारिश से अमरोहा में गंगा खतरे के निशान तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फैजाबाद में लगातार हो रही बरसात से 15 गांवों पर खतरा मंडराने लगा है। रुदौली तहसील के प्रभावित छह गांवों में संपर्क व आवागमन के लिए नाव लगाई गई है। सदर तहसील के आठ व सोहावल तहसील का एक गांव बाढ़ की चपेट में है। मंगलवार को हल्की बारिश से सरयू नदी के जलस्तर में हो रही तेज वृद्धि में थोड़ी कमी आई है। बाराबंकी में घाघरा नदी खतरे के निशान से 64 सेंटी मीटर ऊपर बह रही है। बुधवार तक पानी और बढऩे की आशंका है। बाढ़ के पानी में डूबकर सूरतगंज क्षेत्र में बालक की मौत हो गई।
बहराइच में घाघरा का कहर जारी है। तकरीबन 30 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। आधा दर्जन से अधिक परिषदीय विद्यालयों में बाढ़ का पानी भर गया है। एक दर्जन संपर्क मार्ग बंद हो चुके हैं। जलमग्न गांवों के लोग नावों से घर-गृहस्थी का सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। श्रावस्ती में राप्ती लाल निशान पार कर गई हैं। चार गांव बाढ़ की चपेट में हैं।