सपा का किसान घेरा जारी: लग रही है चौपाल

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आज चौथे दिन भी समाजवादी किसान घेरा कार्यक्रम प्रदेश के सभी जनपदों में जारी रहा। जनजागरण और जनसम्पर्क का यह कार्यक्रम बहुत लोकप्रिय हो रहा है। गांवों में अलाव पर चौपाल लगाकर किसानों के बीच उनकी समस्याओं और भाजपा राज में उनके साथ होने वाले अन्याय पर खुलकर चर्चा की है। किसानों को समाजवादी सरकार में उनके हित में किए गए कामों की भी जानकारी दी गई। समाजवादी किसान घेरा कार्यक्रम में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अब तक एक हजार से ज्यादा गांवों में यह किसान घेरा कार्यक्रम सम्पन्न हो चुका है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के प्रत्येक गांव में पुलिस भेजी जा रही है। बहाना धान खरीद की रिपोर्ट बनाना है जबकि धान की लूट हो चुकी है। सच्चाई यह है कि इसका उद्देश्य गांवों में डर पैदा करना है ताकि किसानों को आंदोलन से डराकर अलग रखा जा सके। किसानों से बात करने के नाम पर उन्हें धमकाया जा रहा है और किसान नेताओं के साथ समाजवादी पार्टी के नेताओं को भी घरों में नजऱबंद किया जा रहा है।ऐसा लगता है कि भाजपा का राजनीतिक नेतृत्व अक्षम हो गया है। कृषि कानून पर अब पुलिस बात करेगी? धान खरीद की कथित रिपोर्ट पुलिस इक_ा करेगी? अपनी पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भाजपा नेतृत्व किसानों से संवाद नहीं कर पा रहा है। भाजपा का चूंकि किसान-खेती से कभी रिश्ता रहा नहीं इसलिए अन्नदाता का सम्मान करना उन्हेें नहीं आता है। कारपोरेट दुनिया भाजपा की सरंक्षक है और भाजपा उनकी पोषक पार्टी है।