मिसाइल मैन को श्रद्धांजलि के बाद सदन स्थगित

vidhansabha
लखनऊ। भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि के बाद यूपी विधानसभा का मानसून सत्र दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ सदन में सभी दल के नेताओं ने एपीजे कलाम को श्रद्धांजलि दी। सदन की अगली कार्यवाही 17 अगस्त को दिन में 11 बजे से शुरू होगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सदन में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने देश के अन्य राज्यों के साथ ही उत्तर प्रदेश की तरक्की के भी ख्वाब देखे थे। कलाम का जीवन सादगी से भरा था। वह एक बेहद गरीब परिवार से निकल कर आए और विज्ञान के शीर्ष पर पहुंचे थे। उन्होंने बेहद गरीबी में अपना जीवन बिताया। उन्होंने अखबार बेचने के साथ ही दुकान चलाकर ऊंचाई तय की। देश के सबसे लोकप्रिय राष्ट्रपति के रूप में कलाम को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलाम सैफई आए थे। हमारा उनसे दिली जुड़ाव था। उनको नेताजी भी बेहद प्यार करते थे। राष्ट्रपति बनने के बाद मैं उनसे पहली बार दिल्ली में मिला था।
अखिलेश यादव ने कहा कि कलाम महान व्यक्ति थे, ऐसे लोग कभी-कभी आते हैं। सभी को कलाम कहते थे की सूरज जैसा बनना है। कलाम हमेशा से ही स्वच्छ पेयजल तथा ग्रामीण नेतृत्व चाहते थे। वह उत्तर प्रदेश की सपा सरकार के काम से काफी खुश थे। मेरे अनुरोध पर कन्नौज में कई कार्यक्रम में पधारे थे। इससे पहले विधानसभा में सीएम अखिलेश ने दिवंगत राष्ट्रपति अब्दुल कलाम श्रद्धांजलि दी।