दहेज के दानवों की करतूत: मीनाक्षी को पीटा, हुआ गर्भपात

Dowry
फैजाबाद। दहेज लोभियों की निर्दयता का मामला शहर से सटे कैंट थाना क्षेत्र मोहल्ला करम अली का पुरवा में प्रकाश में आया है। गर्भवती विवाहिता मीनाक्षी सिंह को उसके दहेज लोभी पति, ससुर, सास, ननद व देवर ने निर्दयता से पीटा जिससे गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गयी। इस मामले की नामजद रिर्पोट महिला थाना में दर्ज करायी गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डफरिन चिकित्सालय में पीडि़ता को गम्भीर अवस्था में भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है। दहेज लोभी इतने दबंग हैं कि जिला चिकित्सालय में ही आकर धमकियां दे रहे हैं जिसकी शिकायत पीडि़ता के भाई लवकुश सिंह ने महिला थाना में तहरीर देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाया है। दर्ज की गयी प्राथमिकी में कहा गया है कि मीनाक्षी सिंह पुत्री मैनेजर राव निवासिनी नयाबाजार नबाबगंज गोंडा का विवाह कैंट थाना क्षेत्र के मोहल्ला करम अली का पुरवा में विवेक सिंह पुत्र भीम सिंह के साथ हुआ था। शुरू से ही दहेज के लिए मीनाक्षी को प्रताडि़त किया जाता रहा है। 20 अगस्त को रात्रि करीब 10 बजे मीनाक्षी जो गर्भवती थी को पति विवेक सिंह, ससुर भीम सिंह, सास चम्पा देवी, ननद नेहा सिंह ने एकजुट होकर लात-घूंसो और डण्डों से पीटना शुरू किया। नेहा मीनाक्षी के पेट पर चढ़ गयी जिससे मीनाक्षी असह पीड़ा से बेहोश हो गयी। दहेज लोभियों का दिल इससे भी नहीं भरा और उसने मीनाक्षी को एक कमरे में बन्द कर दिया। हालत बिगडऩे के बाद दूसरे दिन नाका स्थित चिरंजीव हास्पिटल में मीनाक्षी को ले गये जहां चिकित्सक ने सीजर ऑपरेशन कर गर्भ में मृत शिशु को बाहर निकाला। इस मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी गयी। मायके पक्ष के लोग जब सूचना पाकर प्राइवेट हास्पिटल पहुंचे तो ससुराल वाले वहां से चले गये। उसकी हालत देखकर मीनाक्षी को उसके भाई ने लाकर जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया और महिला थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी।