किसान को कमजोर कर रही केन्द्र सरकार: चौधरी

inlo 2 octपंचकूला। भाजपा सरकार की मनमर्जी के फैसले देश के अन्नदाता किसान को आर्थिक रूप से बेहद कमजोर कर रहे है। धान की 1509 किस्म को भी धान की साधारण किस्मों के बराबर की खरीद के सरकार के फरमान किसानों के लिए बहुत बड़ी चिंता का कारण बन गया है और भाजपा सरकार तुरंत इस फैसले को वापिस लेने का काम करें। यह बात इनैलो के पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने पंचकूला में कार्यकत्र्ताओं के बीच बातचीत के दौरान कहीं। चौधरी ने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि धान की 1509 किस्म 3-4 हजार रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिकती थी और अब सरकार इस किस्म को भी अन्य किस्मों के तय रेट 1400-1450 के लगभग खरीदने जा रही है, सरकार का यह फैसला किसानों को बहुत ज्यादा आर्थिक चोट दे रहा है। चौधरी ने कहा कि पिछली बार किसानों को सुरजमुखी बेचने के लिए प्रशासनिक कड़ी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिसके चलते कई किसानों ने बड़ी मुश्किल से अपनी सुरजमुखी की फसल बेची। अब किसानों को धान की फसल बेचने के लिए सरकार द्वारा तय एक ही कीमत पर बेचनी होगी। चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों का दर्द नही समझ पा रही है और मंहगाई के दौर में किसानों का बहुत ज्यादा खर्च धान की फसल तैयार करने में लग गया है, ऐसे में वो कम कीमत की धान खरीद से ज्यादा घाटा खा जाएगें।