आजमगढ़ (जेएनएन)। देवरिया से दिल्ली तक किसान महायात्रा पर निकले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में 2500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इसी क्रम में जौनपुर से अपने सफर में आजमगढ़ पहुंचे राहुल गांधी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। जौनपुर से आजमगढ़ निर्धारित समय से दो घंटा विलंब से पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने खाट पर चर्चा के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युवाओं को धोखा देने का आरोप लगाया।
राहुल ने कहा कि मोदी की सरकार बीते दो वर्ष से देश के युवाओं को रोजगार देने का वादा कर रही है। सिर्फ वादा ही किया है, अभी तक किसी को भी रोजगार नहीं दिया गया है। इसके साथ ही देश के सभी लोगों को 15-15 लाख रुपया देने की बातें सिर्फ हवा में हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी ने किसानों को धोखा देकर देश के बड़े तथा ïअमीर पूंजीपतियों का कर्ज माफ किया है। मोदी पूंजीपतियों के कर्ज माफ कर सकते हैं, तो किसानों के क्यों नहीं। किसान अपनी दाल मंडी में 40 रुपए किलो में बेचता है।वही दाल पंद्रह मिनट में दो सौ रुपए किलो हो जाती है। प्रधानमंत्री देश के लोगों से काफी बातें करते हैं लेकिन मेरी तरह किसान से खाट पर चर्चा करने की हिम्मत उनके अंदर नहीं है। पता नहीं क्यों वह ऐसी सभा कर किसानों की बात क्यों नहीं सुनते।
ठेकमा (आजमगढ़ देहात) में खाट पर चर्चा के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आजमगढ़ शहर रवाना हो गए। रास्ते में रानी की सराय में एक जगह स्वागत किया गया। इसके बाद वह सर्किट हाउस पहुंचे जहां पर आज उनको रात्रि विश्राम करना है। इसके बाद कल दिन में राहुल गांधी करीब 11 बजे मऊ के लिए निकलेंगे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसाना यात्रा का आज पांचवा दिन है। राहुल आज अम्बेडकर नगर, जौनपुर होते हुए आज़मगढ़ पहुंचे। वहीं बकरीद को देखते हुए यूपी में महीने भर चलने वाली कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा 12 और 13 सितंबर को दो दिन के लिए रूकेगी। यह 14 सितंबर को एक बार फिर से शुरू होगी।