हर्व का दावा: इंडिया से बाहर जा रहा है काला धन

black moneyनेशनल डेस्क। विदेशी बैंक एचएसबीसी के व्हिसल ब्लोअर हर्व फालसिनी ने दावा किया है कि करोड़ों रुपये का कालाधन अब भी भारत से बाहर जा रहा है। भारतीय जांच एजेंसियां यदि चाहें तो वह कालेधन की जांच में मदद को तैयार हैं, लेकिन इसके लिए सुरक्षा मुहैया करनी होगी।स्काइप लिंक के जरिए मीडिया से चर्चा में फालसिनी ने यह बात कही। एचएसबीसी की जेनेवा शाखा के बैंक खातों की जानकारी लीक करने को लेकर वह स्विट्जरलैंड में आरोपों का सामना कर रहे हैं। फालसिनी द्वारा जारी खातों की सूची बाद में फ्रांस सरकार के पास पहुंची और फिर फ्रांस ने इसमें भारतीय खाताधारकों की सूची भारत सरकार तक पहुंचाई थी। चर्चा में फालसिनी ने दावा किया कि भारत से करोड़ों का अवैध धन बाहर जा रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भारत से जानकारी साझा करने के लिए पैसे की मांग कर रहे हैं? फालसिनी ने कहा कि पैसों के लिए मैं मदद नहीं करना चाहता, मेरा इरादा धनी बनने का नहीं है। हमें सिर्फ आंकड़ों पर बात नहीं करना है, बल्कि उसके समाधान पर विचार करना है।उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को सिर्फ व्हिसलब्लोअर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहिए, हमें बस साधारण सुरक्षा चाहिए। यदि मुझे भारत आने पर सुरक्षा नहीं दी गई तो मैं गिरफ्तार कर लिया जाऊंगा। कालेधन से मुकाबले के लिए यह मेरा कोई नया प्रस्ताव नहीं है।
एजेंसियां