चुनावी रंजिश में दो गुटों में चली लाठी: एक की मौत

murder1लखनऊ। प्रतापगढ़ में आज चुनावी रंजिश को लेकर दो गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें सेवानिवृत सिपाही ने दम तोड़ दिया जबकि आधा दर्जन लोग घायल हैं। प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र में आज चुनाव प्रचार कर लौट रहे दो पक्षों के बीच कहा सुनी के बाद लाठी डंडे चले और हवाई फायरिंग भी हुई। इसमें पीएसी से रिटायर एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रमईपुर की है। ग्रामसभा रमईपुर के कोटेदार राकेश सिंह व नागराज ग्राम प्रधान चुनाव को लेकर आमने-सामने है। दोनों के बीच चुनाव में कड़ा मुकाबला भी माना जा रहा है। आज दोनों पक्ष मुर्तजापुर नहर के पास आमने-सामने हो गये। दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर व्यंग्य के तीर चलाने लगे। यह बात वाद विवाद के मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों में लाठी डंडे भी निकल आए और लोग एक दूसरे के खून के प्यासे से हो गये। दोनों पक्षों में से किसी ने हवाई फायरिंग कर दी। लाठी-डंडे की चोट से पीएसी से रिटायर्ड बलदेव 60 की मौत हो गई। बलदेव प्रधान पद प्रत्याशी नागराज का पिता था। घटना में दोनों पक्षों से लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। घायलों का इलाज कुंडा सीएचसी सहित अन्य अस्पतालों में चल रहा है। इस घटना की जानकारी के बाद संग्रामगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई है। दोनों पक्ष के लोगों की धरपकड़ जारी है।