भाजपा सरकार की विफलताएं जनता को बतायें: धर्मेन्द्र

dharmendra
लखनऊ। सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वे समाजवादी सरकार की उपलब्धियों के साथ केन्द्र में भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के बीच बताने का काम करें। समाजवादी सरकार ने समाज के सभी वर्गो के हित की और प्रदेश के विकास की योजनाएं कार्यान्वित की है जबकि भाजपा जिन मुद्दो को उछालकर सत्ता में आई उनमें एक भी पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अब हमें अपना सारा ध्यान 2017 के विधान सभा चुनावो पर केंद्रित करना है और सन् 2012 से भी बेहतर परिणाम लाना है।
धर्मेन्द्र पार्टी मुख्यालय में लोहिया वाहिनी की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने की। श्री यादव को 51 किलो की माला पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। संग्राम सिंह यादव, विधायक, मत्स्य निगम के अध्यक्ष डा0 राजपाल कश्यप, समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष बृजेश यादव, तथा मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के अध्यक्ष मो0 एबाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि हमारे सामने मामूली चुनौतियां नहीं है। लोकसभा में सुनियोजित साजिशें हुई और मतदाताओं को बरगलाकर भाजपा ने जीत हासिल की। लेकिन उनके पास नीति, कार्यक्रम और जनाधार नहीं है। उनके झूठ से लोगों में गहरी निराशा है। केन्द्र सरकार अपनी योजनाओं में भी कटौती कर रही है और प्रदेश से सौतेला व्यवहार कर रही है।