नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ पर्व

chath pujaनई दिल्ली। नहाय-खाय के साथ ही रविवार को छठ पूजा महापर्व की औपचारिक शुरुआत देश में हो गई है। आस्था का ये पर्व चार दिनों का होता है। रविवार सुबह व्रती पूजा के बाद नहाय-खाय कीं। इस दौरान चावल, चने की दाल व लौकी की सब्जी ग्रहण किया। इसके साथ ही खरना की तैयारी भी शुरू हो जाएगी।
खरना सोमवार को है। इस दिन गुड़ व चावल की विशेष खीर बनाई जाती है। व्रती के खाने के बाद इसे लोगों में प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। व्रती के खाने के दौरान उन्हें कोई बुलाए नहीं, इसका विशेष ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि आवाज सुनते ही उन्हें खाना छोड़ देना होता है। मंगलवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पण होगा। बुधवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अघ्र्य देने के बाद छठव्रती पारण करेंगे। जिन घरों में छठ महापर्व का आयोजन हो रहा है वहां उल्लास का वातावरण है। पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली में जगह-जगह छठ मइया के गीत बज रहे हैं। नहाय-खाय के लिए महिलाओं ने खरीदारी पूरी कर ली है। गोल मार्केट में रहने वाली गूंजा का कहना है कि नहाय-खाय के लिए उन्होंने चने की दाल, चावल और लौकी की खरीदारी की है। कल सुबह घर की साफ सफाई के बाद ये सभी चीजें बनाई जाएंगी।
मजनू का टीला निवासी सविता ने बताया कि छठ पर्व में शुद्धता का काफी ध्यान रखा जाता है। इसके लिए लोग पूरे साल इंतजार करते हैं। आज तक जो भी छठ मइया से मांगा वह मिला है। इस कारण और आस्था बढ़ गई है। पहले इस इलाके में कहीं-कहीं छठ मइया की पूजा होती थी, लेकिन अब आसपास की कई महिलाएं इस पर्व को आस्था के साथ मना रही हैैं। खासकर, इसमें दिल्ली के स्थानीय लोगों की भी भागीदारी बढ़ी है।
एजेंसियां