कांग्रेस पार्टी ने मनाया स्थापना दिवस, पार्टी को मजबूत करने का लिया संकल्प

congress2

लखनऊ। कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस की 130वीं वर्षगांठ के मौके पर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में यूपी कांग्रेस सेवादल ने स्थापना दिवस को दल दिवस के रूप में मनाया। उप्र कांग्रेस कमेटी के अनुशासन समिति के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी ने परम्परागत तरीके से सेवादल द्वारा आयोजित ध्वजवंदन के तहत ध्वजारोहण किया एवं उपस्थित सेवादल के कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेसजनों को कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए उपस्थित सेवादल एवं कांग्रेसजनों का अवाहन किया।
प्रदेश कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग के वाइस चेयरमैन वीरेन्द्र मदान ने बताया कि ध्वजारोहण के उपरान्त एक विचार गोष्ठी पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। गोष्ठी का संचालन प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी हरीश बाजपेयी ने की।
कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए रामकृष्ण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस स्थापना का मूल उद्देश्य ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ सम्पूर्ण भारत के छोटे-बड़े सभी संगठनों को एकजुट कर अंग्रेजी हुकूमत से भारत को मुक्ति दिलाना था। उन्होने कहा कि कांग्रेस स्थापना वर्ष 1885 में आजादी के उस दौर में हुई और कांग्रेस ब्रितानिया हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का एक मंच के रूप में स्थापित हुआ था। आजादी के संघर्ष में असंख्य अमर शहीदों की कुर्बानियों के बाद देश को आजादी मिली। आज कांग्रेस स्थापना के दिन हम सभी कांग्रेसजनों को कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने एवं देश को एक सूत्र में पिरोने का संकल्प लेने तथा देश को अस्थिर करने वाली शक्तियों के खिलाफ संघर्ष करने की आवश्यकता है।