रूठे मुख्यमंत्री चौथे दिन भी नहीं पहुंचे सैफई महोत्सव

cm newविशेष संवाददाता,
लखनऊ। रूठे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव चौथे दिन भी सैफई महोत्सव में नहीं पहुंचे। बसपा नेता और विरोधी दल स्वामी प्रसाद मौय ने दावा किया कि सैफई में सपा परिवार की अंतर्कलह खुल कर दिख रही है, अंतर्कलह से सपा नष्ट हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक अखिलेश यादव से मिलने के लिए आये बंदायू के सांसद से धर्मेन्द्र यादव तथा मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप सिंह यादव उर्फ  तेजू बैरंग वापस लौट गए। मंगलवार को संभावना थी कि सीएम अखिलेश आगरा के बाद सैफई जाएंगेंं, लेकिन वे आगरा के कार्यक्रम में शामिल होकर इटावा सैफई नही गए, वापस लखनऊ लौट आये। मुख्यमंत्री के रूख को लेकर अटकलबाजी का दौर चलने लगा है। विरोधी दल सत्तारूढ़ दल में चल रही कथित कलह को दूर करने की नसीहत दे रहें है।
गौरतलब है कि इटावा के सैफई में 26 दिसंबर से आयोजित हो रहे रणवीर महोत्सव में मुख्यमंत्री चार दिन बाद भी नहीं पहुंचे हैं। बदायूं के सांसद धर्मेन्द्र यादव सीएम अखिलेश यादव के भाई हैं जबकि मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप सिंह यादव उर्फ  तेजू इनके भतीजे हैं। इन लोगों ने कैबिनेट मंत्री तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि यह सपा का अंदरूनी मामला है लेकिन इससे साबित होता है कि मुख्यमंत्री अखिलेश अब साढ़े पांच मुख्यमंत्री के हिस्से के रूप में काम करके ऊब चुके है। वीरेंद्र मदान ने कहा कि वैसे तो किसी राजनीतिक दल की अन्दरूनी लाग-डाट से कांग्रेस पार्टी और जनता को कोई फर्क नहीं पड़ता पर जब प्रशासनिक क्षमता को प्रभावित करने लगती है तो उसका सीधा असर आम जनता खासकर गरीबों को भुगतना पड़ता है। इसलिए सपा और इसकी सरकार को अन्दरूनी कलह दूर करके तत्काल गरीबों, किसानों और बेरोजगारों को राहत प्रदान करनी चाहिए। विपक्ष के नेताओं को इस मुद्दे पर आजम खां के बयान का इंतजार है। कलह के पीछे माना जा रहा है कि पार्टी के मामलों में परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारी उन्हे भरोसे में ही लेते है।
बता दें कि सैफई महोत्सव की शुरुआत 17 साल पहले सपा मुखिया मुलायम सिंह ने की थी। 26 दिसंबर को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ महोत्सव का उद्घाटन करना था, लेकिन अखिलेश नही गए। यह यादव परिवार का पारिवारिक जलसा माना जाता है। इस बार सैफई महोत्सव 11 जनवरी तक चलेगा। मुख्यमंत्री के उदघाटन समारोह में शामिल न होने पर सफाई देते हुए महोत्सव के आयोजक और सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश उप्र के सीएम हैं, ऐसे में वों कई कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं। इस वजह से वह महोत्सव के उद्घाटन में नहीं पहुंच सके। जल्द ही वह महोत्सव में शामिल होने सैफई आएंगे।