अखिलेश सरकार की उपलब्धि से बौखला गई है बसपा: चौधरी

Rajendra-Chaudhry

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि अपने कारनामों से सत्ता गंवाकर बसपा बुरी तरह बौखला गई है। सच्चाई है कि जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता सौंपी। यह बसपा नेतृत्व को पच नही रहा है। इसलिए अनर्गल बयानबाजी करके वे अपनी भड़ास निकालते हैं। बसपा अध्यक्ष का संविधान ज्ञान तो इतना है कि वे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शपथग्रहण के दिन से ही प्रदेश में राष्ट्रपति राज की मांग करने लगी थी। आज भी जब वे अपनी प्रेस कांफ्रेंस करती हैं तो वही राग अलापने लगती है। देखादेखी उनके पार्टी के दूसरे नेता भी वही बानी बोलने लगते हैं। बहुमत का जनादेश पाकर समाजवादी सरकार बनी है उसके प्रति ऐसी मानसिकता का प्रदर्शन प्रदेश की 22 करोड़ जनता का अपमान है।
प्रवक्ता ने कहा बसपा के एक नेता को समाजवादी पार्टी सरकार दलित विरोधी और भाजपा से मेल भी दिखाई देता है। यह उनका दृष्टिदोष है क्योंकि वें स्वयं जानते हैं कि समाजवादी पार्टी और बसपा दोनों के चरित्र और आचरण कैसे हैं। समाजवादी पार्टी कथनी-करनी में भेद नही करती है। बसपा की कथनी-करनी में जमीन आसमान का अंतर है। समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता में गांव गरीब और किसान है तो बसपा राजनीति सिर्फ उगाही का खेल हैं। उन्होंने कहा यह हकीकत तो बसपा नेताओ को भलीभांति मालूम है कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा समाज के उपेक्षित और वंचित समाज की भलाई के काम किए हैं। प्रवक्ता ने कहा प्रदेश की जनता के सामने बसपा शासनकाल का भी रिकार्ड है। मुख्यमंत्री के दरवाजे तो क्या उनके आवास की सड़क के आसपास तक कोई दलित महिला या पुरुष नही फटक सकता था। दलित किशोरियों की हत्या और उनके साथ बलात्कार में बसपा विधायक और मंत्री ही दोषी पाए गए। यह भी छुपा नही है कि बसपा की सरकार को भाजपा का सहयोग मिलता रहा है और खुद बसपा अध्यक्ष गुजरात में नरेन्द्र मोदी के पक्ष में प्रचार करने गई थी। जिस बसपा के दामन पर इतने दाग हों उसे समाजवादी सरकार पर आक्षेप करने का नैतिक और राजनैतिक अधिकार कैसे हो सकता है।