यूपी की राह आसान बनाएंगे एनआरआई

nri-up

आगरा। यूपी में उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिक्की और उत्तर प्रदेश एनआरआई विभाग के संयुक्त प्रयास से सोमवार को ताज नगरी आगरा में उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस का शुरूआत हुई। 4 से 6 जनवरी तक आगरा में चलने वाले इस दिवस का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा में आयोजित पहले उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस पर सभी प्रवासियों का स्वागत करते हुए उन्हें बड़ी प्रसन्नता हो रही है। आज से सैकड़ों वर्ष पूर्व ब्रिटिश हुकूमत के दौरान भारत से बड़ी संख्या में गिरमिटिया मजदूर सूरीनाम, फिजी, ट्रिनीडाड एण्ड टुबैगो, मॉरिशस इत्यादि ले जाए गए थे, उनमें उत्तर प्रदेश के भी बहुत से लोग थे। राज्य सरकार ने यह आयोजन उन्हीं लोगों का पुन: अपनी जड़ों की ओर आकर्षित करने के लिए किया है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से प्रवासियों को अपनी जड़ों से जुडऩे, अपनी माटी की सुगन्ध को पहचानने के साथ-साथ इस प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने का भी मौका मिलेगा।
अखिलेश ने कहा उत्तर प्रदेश असीमित संभावनाओं का प्रदेश है। यहां पर सभी प्रकार के प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ मानव संसाधन मौजूद हैं, जिनका उपयोग प्रदेश के विकास में किया जा सकता है। प्रदेश सरकार पर्यटन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है क्योंकि इसके माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार दिया जा सकता है। इसके लिए प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। राज्य सरकार ने आगरा-लखनऊ-वाराणसी हेरिटेज आर्क की स्थापना की है, ताकि पर्यटकों को इस क्षेत्र के सभी पर्यटक स्थलों तक पहुंचने में आसानी हो।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है क्योंकि इसके बगैर नए उद्योगों की स्थापना संभव नहीं है। राज्य सरकार प्रदेश में नए बिजलीघरों की स्थापना के लिए भी कार्य कर रही है। बिजली उत्पादन बढ़ाने के सारे प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार पारंपरिक उद्योगों को भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकार ने कन्नौज के पारंपरिक इत्र उद्योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए इत्र क्लस्टर बनाने की योजना बनाई है।