दोबारा अमित शाह के सिर होगा बीजेपी प्रेसीडेंट का ताज

amit_shahनई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दोबारा पार्टी की कमान मिलना तय है। इसके साथ ही वो संगठन में कुछ फेरबदल भी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के एक कैबिनेट मंत्री को संगठन में जगह दी जा सकती है। इस महीने के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले कई राज्यों के भाजपा संगठन में भी बदलाव हो सकता है।
पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक अमित शाह आने वाले चुनावों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में अपने मनपसंद शख्स को राज्य की कमान दे सकते हैं। उत्तर प्रदेश में पार्टी आलाकमान किसी पिछड़ी जाति के उम्मीदवार को मौजूदा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी की जगह तरजीह दे सकती है। इस रेस में स्वतंत्र देव सिंह का नाम आगे बताया जा रहा है। वहीं ब्राह्मण वोट बैंक पर किसी तरह की नुकसान से भरपायी के लिए राष्ट्रीय टीम से श्रीकांत शर्मा को हटाकर उत्तर प्रदेश भाजपा में सचिव बनाया जा सकता है। बिहार में भाजपा की हार के बाद इस बात की संभावना कम है कि अमित शाह दूसरे राज्यों में अपने मनपसंद शख्स कोई खास जिम्मेदारी दे सकेंगे। इस बात के संकेत छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान के भाजपा अध्यक्ष के चुनावों में देखा जा चुका है। मध्य प्रदेश में नंद कुमार चौहान की नियुक्ति को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की पसंद के तौर पर देखी गई। वहीं रमन सिंह की पसंद के मुताबिक धरम लाल कौशिक को दोबारा राज्य भाजपा की कमान दी गई। राजस्थान में वसुंधरा राजे अशोक परनानी को दोबारा भाजपा अध्यक्ष बनाने में कामयाब रहीं।