सपा का आरोप: भाजपा-बसपा को रास नहीं आ रहा है विकास

Rajendra-Chaudhryलखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चैधरी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में चल रही विकास की गतिविधियाँ भाजपा बसपा सहित कई विपक्षी दलों को रास नही आ रही है। अपने शासनकाल में इन्होंने प्रदेश के नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार के कदम नही उठाए। विकास योजनाओं के नाम पर दिखावटी समारोह ही आयोजित होते रहे। नतीजतन प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क जैसे बुनियादी मामलों में भी पिछड़ता गया। प्रदेश को बीमार प्रदेश बताया जाने लगा।
प्रदेश में विकास पर तभी ध्यान दिया गया जब समाजवादी पार्टी की सरकारें बनी। मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में उत्तर प्रदेश ने विकास की दिशा में कई कदम उठाए। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन का रिकार्ड बना। गन्ना किसानों को समय से फसल का लाभप्रद भुगतान हुआ। सड़क-पुल निर्माण पर जोर दिया गया। बिजली व्यवस्था में सुधार के कदम उठाए गए। कन्या विद्याधन, बेकारी भत्ता और किसानों की फसल बीमा जैसी योजनांए बनी। किसानों का जीवन स्तर उठाने के उपाय शुरु हुए।
बसपा शासनकाल में इस प्रदेश का सबसे बुरा अंधेर राज रहा। इस दौरान सिर्फ लूट का धंधा चला, पार्क, स्मारक, महापुरुषों के नाम पर सिर्फ मोटा कमीशन हथियाना ही एकमात्र ध्येय रहा। स्वास्थ्य विभाग में हर तरफ ऐसी लूट मची थी कि सी0बी0आई0 तक को उसको खंगालने में पसीने आ गए। कई चिकित्सा अधिकारियों की मौते हो गयी। तत्कालीन मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन पर चंदे की ऐसी वसूली कराई कि एक इंजीनियर की बसपा विधायक ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। कई अन्य बसपा मंत्री और विधायक बलात्कार, अपहरण और हत्या में जेल भेजे गए। जनता ने इसका सही जवाब दिया और बसपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया।