10 हजार करोड़ से:उप्र में डिज्नी लैंड की तर्ज पर आगरा थीम पार्क

disynilandलखनऊ फरवरी। उत्तर प्रदेश सरकार 10 हजार करोड़ की लागत से अमेरिका के डिज्नी लैण्ड की तर्ज पर आगरा थीम पार्क का निर्माण कराएगी। सरकार का दावा है कि थीम पार्क के माध्यम से देशी-विदेशी पर्यटकों को ‘इन्फोटेनमेन्ट’ के जरिये देश के सांस्कृतिक इतिहास की रुचिपूर्ण तरीके से पेश किया जाएगा। पार्क की इस योजना में 7 शहरों के मॉडल स्थापित किए जाएंगे, जिसका भ्रमण पर्यटक मोनो रेल के जरिये करेंगे। मोनो रेल पर बैठे पर्यटक ‘मोहनजोदड़ो’ तथा ‘पाटलीपुत्र’ काल का भ्रमण करते हुए रामायण काल, महाभारत काल, गुप्त काल, मुगल काल तथा सन् 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम काल का भी नजारा करेंगे और इतिहास से रूबरू हो सकेंगे। इस परियोजना को फिल्म अभिनेता संजय खान की किंगडम कम्पनी तथा उत्तर प्रदेश लघु उद्योग विकास निगम द्वारा एक संयुक्त उपक्रम के तौर पर विकसित किया जाएगा।
परियोजना का पूरा खाका डिज्नी लैण्ड पर ही आधारित होगा। इसमें एक पंच सितारा होटल, स्मृति चिन्ह् एवं स्मारिकाएं बेचने वाली दुकानें भी स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा स्वयंवर नामक एक क्षेत्र भी होगा, जहां पर थीम आधारित विवाह समारोह सम्पन्न कराए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा थीम पार्क परियोजना जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इसके लिए सभी जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त करते हुए परियोजना का निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जाए। गुरूवार को मुख्यमंत्री ने थीम पार्क की अब तक की गई कार्यवाही की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा हो जाने पर आगरा आने वाले पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा।
आगरा थीम पार्क का आकार 1000 एकड़ क्षेत्रफल में होगा। परियोजना की अनुमोनित लागत लगभग 10 हजार करोड़ रुपए है, जिसका पहला चरण लगभग 5 हजार करोड़ रुपए की धनराशि से पूरा कराया जाएगा। इसके माध्यम से लगभग 2000 लोगों को प्रत्यक्ष तथा लगभग 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।