उप्र सरकार ने वेलेंटाइन डे को बना दिया पर्यटन दिवस

akhilesh cmलखनऊ फरवरी। उप्र सरकार ने वेलेंटाइन डे को प्रदेश के पर्यटन दिवस के रूप में मनाया। यह आईडिया उप्र के मुख्यमंत्री का है। उत्तर प्रदेश पर्यटन दिवस समारोह में कई आयोजन किया गया। हॉट एयर बैलून फेस्ट का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बैलून में उड़ कर रोमंच का मजा लिया। लखनऊ की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत संजोए हुई इमारतों की नुमाइश की दुर्लभ फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ाने और आम जनता को पर्यटन के लिए प्रेरित करने जैसी तमाम बातों पर फोकस करने के लिए प्रदेश सरकार ने 14 फरवरी को पर्यटन दिवस आयोजित करने का फैसला लिया है। इसकी शुरुआत लखनऊ से की गई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के प्रयासों से प्रदेश में पर्यटन गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं और देश-विदेश के आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से प्रदेश की आर्थिक उन्नति होगी और लोगों को रोजगार के अधिक अवसर भी प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने हॉट एयर बैलून में की सैर
राज्य में पहली बार पर्यटन दिवस मनाये जाने के अवसर पर लखनऊ बैलून फिस्ट में आपका लखनऊ आपका स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को बैलून में सैर करायी गयी। प्रमुख सचिव पर्यटन श्री नवनीत सहगल ने बताया कि स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में आमजन को पर्यटन गतिविधियों से जोडऩे की कोशिश की गई है। सहगल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी के मद्देनजर वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन दिवस का आयोजन किया गया है। प्रदेश में तमाम ऐतिहासिक सांस्कृतिक धरोहरें हैं। जो पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
राधा कृष्ण की होर्डिंग को लेकर विवाद भी
उप्र के पर्यटन दिवस के मौके पर नवाब वाजिद अली शाह द्वारा लिखित नाटिका राधा कन्हैया का किस्सा मंचन के पहले विवादों में पड़ गया। किस्से का मंचनल निर्देशन मुजफ्फर अली ने किया। शनिवार देर रात भाजपा व दूसरे कई संगठनों की कड़ी आपत्ति के बाद लखनऊ से उन होर्डिंग को हटा दिया गया। देर रात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने पर्यटन विभाग की ओर से लग रही राधा-कृष्ण की होर्डिंग पर एतराज करते हुए धरना दिया। दूसरे संगठनों के लोगों ने होर्डिंग फाड़ दी। दरअसल उमाराव जान फिल्म बना कर चर्चित हुए निर्देशक मुजफ्फर अली को पर्यटन विभाग ने राधा-कन्हैया का किस्सा नाम से प्ले का आयोजन के प्रचार के लिए होर्डिंग लगाई गई थी। पर्यटन विभाग ने इन होर्डिंग्स में लगी तस्वीरों से पल्ला झाड़ा है।
भाजपा ने सपा सरकार के द्वारा आपत्तिजनक पोस्टर लगाये जाने का तीखा विरोध किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्र ने सपा सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा लगाये गये होर्डिग पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस कृत्य की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और जिम्मेदार को कडी से कडी सजा मिलनी चाहिए। प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्र ने बताया कि वाजिद अली शाह की याद में मनाये गये जश्न के होर्डिग आपत्ति जनक व अश्लील थे।
——–